पेरिस: फ्रेंच ओपन 2026 में एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिला। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच तीसरे दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। ब्राजील के 19 वर्षीय खिलाड़ी जोआओ फोंसेका ने दो सेट से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए जोकोविच को 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से मात दी।
फोंसेका ने रचा इतिहास
करीब चार घंटे 53 मिनट तक चले इस मुकाबले में फोंसेका ने असाधारण मानसिक मजबूती दिखाई। वह ग्रैंड स्लैम मुकाबले में नोवाक जोकोविच को हराने वाले पहले किशोर खिलाड़ी बन गए। इसके साथ ही उन्होंने पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
जीत के बाद क्या बोले फोंसेका?
ऐतिहासिक जीत के बाद फोंसेका ने कहा, 'मैं सिर्फ जितना संभव हो सके उतनी ताकत से गेंद को हिट करने की कोशिश कर रहा था। जोकोविच बहुत कम गलतियां करते हैं और हमें आज भी लगता है कि वह 20 साल के खिलाड़ी की तरह खेलते हैं।'
हार के बाद जोकोविच ने की तारीफ
रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में उतरे जोकोविच ने हार के बाद अपने युवा प्रतिद्वंद्वी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, 'जीत का पूरा श्रेय जोआओ को जाता है। उन्होंने महत्वपूर्ण मौकों पर मुझसे बेहतर टेनिस खेली और जीत के सही हकदार थे।'
पुरुष वर्ग में बदला पूरा समीकरण
जोकोविच के बाहर होने से एक दिन पहले दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर भी दूसरे दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। वहीं मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्कारेज चोट के कारण पहले ही नाम वापस ले चुके थे। ऐसे में अब यह तय हो गया है कि फ्रेंच ओपन 2026 में पुरुष एकल वर्ग को नया ग्रैंड स्लैम चैंपियन मिलेगा।
ज्वेरेव और रूड की उम्मीदें बरकरार
दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने क्वेंटिन हेलिस को 6-4, 6-3, 5-7, 6-2 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई। वहीं दो बार के फ्रेंच ओपन उपविजेता कैस्पर रूड ने अमेरिकी खिलाड़ी टॉमी पॉल को पांच सेटों में हराया। चेक खिलाड़ी जैकब मेन्सिक ने एलेक्स डी मिनौर को जबकि जेस्पर डी जोंग ने कैरेन खाचानोव को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
महिला वर्ग में वांग जियू का शानदार प्रदर्शन
महिला एकल वर्ग में चीन की वांग जियू ने यूक्रेन की यूलिया स्टारोडुबत्सेवा को 6-3, 7-5 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। वह इस साल फ्रेंच ओपन के अंतिम-16 में पहुंचने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बन गई हैं। वांग ने अब तक टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया है और अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ ग्रैंड स्लैम प्रदर्शन किया है।
स्वियाटेक और एंड्रीवा भी अंतिम-16 में
चार बार की फ्रेंच ओपन चैंपियन इगा स्वियाटेक ने मैग्डा लिनेट को 6-4, 6-4 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं मीरा एंड्रीवा, एलिना स्वितोलिना और जिल टेचमैन ने भी अंतिम-16 में अपना स्थान पक्का कर लिया।