स्पोर्ट्स डेस्क : बारबाडोस में खेले गए Bim T10 टूर्नामेंट 2023-24 से जुड़ा एक बड़ा मैच फिक्सिंग मामला सामने आया है। इस मामले में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जैवन सियरल्स को क्रिकेट की सभी गतिविधियों से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। सियरल्स के अलावा टाइटंस टीम के मालिक चित्रंजन राठौड़ और टीम अधिकारी ट्रेवोन ग्रिफिथ को भी भ्रष्टाचार विरोधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया है।
IPL में KKR के लिए खेल चुके हैं सियरल्स
जैवन सियरल्स इससे पहले IPL 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वेस्टइंडीज के इस तेज गेंदबाज ने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कई टूर्नामेंट खेले हैं। हालांकि अब उन पर मैच के नतीजे या खेल की प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगा है।
ICC और CWI के एंटी करप्शन कोड के तहत आरोप
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) और ICC के एंटी-करप्शन कोड के तहत तीनों पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। चित्रंजन राठौड़ पर 3 उल्लंघनों के आरोप हैं। जैवन सियरल्स और ट्रेवोन ग्रिफिथ पर 4-4 उल्लंघनों के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों में मैच फिक्सिंग की साजिश रचना, खिलाड़ियों या स्टाफ को भ्रष्ट गतिविधियों के लिए उकसाना और जांच में सहयोग न करना शामिल है।
जांच में सहयोग नहीं करने का भी आरोप
जांच एजेंसियों का कहना है कि तीनों ने एंटी-करप्शन अधिकारियों की जांच में पूरा सहयोग नहीं किया। इसके अलावा सियरल्स और ग्रिफिथ पर यह भी आरोप है कि उन्होंने किसी भी संदिग्ध संपर्क या ऑफर की जानकारी क्रिकेट वेस्टइंडीज को नहीं दी, जो नियमों का उल्लंघन है।
ट्रेवोन ग्रिफिथ पर एक और गंभीर आरोप
39 वर्षीय ट्रेवोन ग्रिफिथ, जो वेस्टइंडीज की अंडर-19 टीम के लिए खेल चुके हैं, पर एक अतिरिक्त आरोप भी लगाया गया है।उन पर ICC एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) की जांच में बाधा डालने और संभावित सबूतों को छिपाने या उनमें छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है।
14 दिन में देना होगा जवाब
ICC और क्रिकेट वेस्टइंडीज के अनुसार, 11 मार्च से तीनों आरोपियों को 14 दिनों के भीतर इन आरोपों का जवाब देना होगा।अगर आरोप साबित होते हैं तो तीनों पर लंबे समय का प्रतिबंध या अन्य सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
इसी जांच में अमेरिका के खिलाड़ी भी फंसे
यह मामला उसी जांच का हिस्सा है जिसमें अमेरिका के बल्लेबाज एरॉन जोन्स को भी जनवरी 2026 में ICC और CWI के एंटी-करप्शन कोड के 5 उल्लंघनों के लिए आरोपित किया गया था।