Sports

हांगकांग (निकलेश जैन) । फीडे विश्व टीम रैपिड शतरंज चैंपियनशिप 2026 में दूसरे दिन के मुकाबलों के बाद चीन की टीम ड्रैगन चिलिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल बढ़त हासिल कर ली है। आठ राउंड के बाद टीम 14 मैच अंकों के साथ टूर्नामेंट की एकमात्र अपराजित टीम बनी हुई है। गत विजेता टीम भारत की एमजीडी 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि कजाखस्तान की बारिस टीम 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

भारतीय प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ी खबर रही विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन की हार। छठे राउंड में भारत के शीर्ष ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने कार्लसन को शानदार खेल में पराजित कर टूर्नामेंट का सबसे चर्चित परिणाम दर्ज किया। कार्लसन का दिन बेहद खराब रहा और वह तीन मुकाबलों में केवल आधा अंक ही जुटा सके। इसके बाद उन्हें आर्मेनिया के शांत सार्गस्यान से भी हार का सामना करना पड़ा। उनकी टीम डबल्यू आर दिन के अंत तक 10 मैच अंकों के साथ 11वें स्थान पर खिसक गई।

दूसरी ओर चीन की ड्रैगन चिलिंग की सफलता में यू यांगयी और बोर्ड छह के खिलाड़ी वांग जिहाओ का सबसे बड़ा योगदान रहा। हालांकि पूर्व विश्व चैंपियन डिंग लिरेन का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा और वह आठ मुकाबलों में केवल एक जीत दर्ज कर सके। पांचवें राउंड में ड्रैगन चिलिंग ने सह-नेता कजचेस को 3.5-2.5 से हराकर बढ़त बनाई और फिर दिन का समापन भारतीय टीम चेसगुरुकुल, जिसकी अगुवाई आर. प्रज्ञानंदा कर रहे थे, पर 4-2 की जीत के साथ किया।

अब प्रतियोगिता में केवल चार राउंड शेष हैं और तीसरे व अंतिम दिन खिताब का फैसला होगा। भारतीय खिलाड़ियों की नजरें विशेष रूप से अर्जुन एरिगैसी और प्रज्ञानंदा के प्रदर्शन पर रहेंगी, जो विश्व के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच भारत की चुनौती को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

17 से 21 जून तक चल रही इस प्रतियोगिता में कुल 5 लाख यूरो की पुरस्कार राशि रखी गई है