मुंबई: PBG पुणे जैगुआर्स ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (UTT) सीजन 7 के ऑक्शन में एक बार फिर भारतीय स्टार दीया चितले पर बड़ा दांव खेलते हुए उन्हें लगातार दूसरे साल सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बनाया। 37.4 लाख टोकन में रिटेन की गई चितले ने लीग में अपनी अहमियत और दबदबे को एक बार फिर साबित किया है।
अपनी स्टार खिलाड़ी को केंद्र में रखते हुए पुणे जैगुआर्स ने इस बार संतुलित और रणनीतिक तरीके से टीम का निर्माण किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फ्रांस की प्रिथिका पावाडे और मिस्र के अनुभवी खिलाड़ी उमर अस्सार को टीम में शामिल किया गया, जिससे स्क्वॉड को वैश्विक अनुभव और मजबूती मिली। वहीं भारतीय खिलाड़ियों में स्नेहित SFR, मुदित दानी और सायनिका माजी को जोड़कर टीम को हर विभाग में गहराई दी गई है।
ऑक्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए UTT की को-प्रमोटर वीटा दानी ने कहा, “इस ऑक्शन ने एक बार फिर बटरफ्लाई UTT की गहराई और गुणवत्ता को दर्शाया है। यह देखना उत्साहजनक है कि टीमें अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ-साथ उभरते भारतीय खिलाड़ियों में भी निवेश कर रही हैं।”
पुणे जैगुआर्स की रणनीति स्पष्ट रही एक मजबूत और भरोसेमंद भारतीय कोर तैयार करना और उसके साथ अंतरराष्ट्रीय अनुभव व सामरिक संतुलन जोड़ना, ताकि टीम पूरे सीजन में प्रतिस्पर्धी बनी रहे। टीम मालिक पुनीत बालन ने कहा, “दीया दुनिया की बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल और हम उन्हें अपनी योजना का केंद्रीय हिस्सा बनाकर बेहद खुश हैं। हमने उनके आसपास एक मजबूत और संतुलित टीम बनाने पर ध्यान दिया है, जो पूरे सीजन में निरंतरता के साथ प्रदर्शन कर सके।”मजबूत कोर, अनुभव और संतुलन के साथ पुणे जैगुआर्स सीजन 7 में प्रभावशाली प्रदर्शन के इरादे से उतरेंगे।
लीग का प्रसारण जियोस्टार नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। बटरफ्लाई UTT सीजन 7 में कुल सात टीमें हिस्सा लेंगी, जो सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी, जहां से खिताब की दौड़ और रोमांचक हो जाएगी।