Sports

मुंबई : भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने रविवार को माना कि ऑलराउंडर अमनजोत कौर की जगह भरना आसान नहीं है लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि टीम अगले महीने इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए सही दिशा में आगे बढ़ रही है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। इंग्लैंड रवाना होने से पहले भारतीय टीम 10 से 16 मई तक बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में भाग लेगी। विश्व कप के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच भी खेलेगी। 

मजूमदार ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, 'अमनजोत चोटिल है और उनके जैसी खिलाड़ी की जगह भरना बहुत मुश्किल है। उन्होंने भारत की तरफ से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें उनकी कमी खलेगी।' उन्होंने कहा, 'चोट खेल का हिस्सा होती है और उन्हें गंभीर चोट लगी है जिसके कारण वह कम से कम 4-5 महीने तक क्रिकेट नहीं खेल पाएगी। मुझे उम्मीद है कि वह पूरी तरह से फिट होकर मजबूत वापसी करेगी।' 

मजूमदार ने कहा की तैयारी के लिहाज से टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, 'शिविर आयोजित करना टीम के लिए महत्वपूर्ण रहा है और इससे पहले भी वह इस तरह के शिविर में भाग लेती रही है। हम अपने सामने आने वाली हर चुनौती के लिए अच्छी तैयारी करने में विश्वास रखते हैं। मेरा मानना ​​है कि यह टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है।' मजूमदार ने कहा, 'इंग्लैंड का दौरा करना हमेशा चुनौती पूर्ण रहा है लेकिन हमारी टीम इसके लिए तैयार है। पिछले साल हमने इंग्लैंड को हराया था और हमारी टीम वहां अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।'