Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज़ क्विंटन डी कॉक ने बड़ा इतिहास रच दिया है। कनाडा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में डी कॉक ने भारत के महान पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

धोनी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

कनाडा की पारी के दौरान दो कैच लपकने के साथ ही क्विंटन डी कॉक ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में विकेट के पीछे सबसे ज्यादा डिसमिसल के मामले में एमएस धोनी की बराबरी कर ली।

अब धोनी और डी कॉक दोनों के नाम 32-32 डिसमिसल दर्ज हैं। यानी अगले ही मैच में एक और शिकार करते ही डी कॉक धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल विकेटकीपर बन जाएंगे।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ मुकाबला

ग्रुप-डी के इस मुकाबले में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और कनाडा की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस कनाडा ने जीता और पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया।

दक्षिण अफ्रीकी ओपनर्स ने रखी मजबूत नींव

पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को क्विंटन डी कॉक और कप्तान एडेन मार्करम ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने सिर्फ 6.5 ओवर में 70 रन जोड़ दिए। डी कॉक 22 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए।

मार्करम का धमाकेदार अर्धशतक

डी कॉक के आउट होने के बाद भी एडेन मार्करम का आक्रमण जारी रहा। उन्होंने 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 32 गेंदों में 59 रन की शानदार पारी खेली। मार्करम ने रायन रिकलटन (21 गेंदों में 33 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की।

मिलर और स्टब्स ने अंत में बढ़ाया स्कोर

पारी के अंतिम ओवरों में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने तेज बल्लेबाज़ी कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 4 विकेट पर 213 रन तक पहुंचा दिया। मिलर ने 23 गेंदों में नाबाद 39 रन, जबकि स्टब्स ने 19 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए।

लुंगी एनगिडी का कहर, डी कॉक के नाम दो कैच

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम को लुंगी एनगिडी ने पहली ही गेंद पर झटका दे दिया। कप्तान दिलप्रीत बाजवा गोल्डन डक पर आउट हुए और विकेट के पीछे कैच क्विंटन डी कॉक ने लपका। इसके बाद युवराज समरा (12 रन) भी एनगिडी की गेंद पर डी कॉक के हाथों कैच आउट हुए।

नवनीत धालीवाल की जुझारू पारी

कनाडा की ओर से नवनीत धालीवाल ने संघर्ष करते हुए 49 गेंदों में 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि उनके आउट होते ही कनाडा की पारी लड़खड़ा गई। कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 156 रन ही बना सकी और दक्षिण अफ्रीका ने 57 रन से जीत दर्ज की। लुंगी एनगिडी को 31 रन देकर 4 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।