दुबई : ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी, इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज, भारत की स्मृति मंधाना और दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर मारिजैन कैप को 'प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन चार नॉमिनी ने अपनी-अपनी टीमों की सफलता में अहम भूमिका निभाई है। फाइनलिस्ट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से दो दावेदार हैं जबकि मंधाना और कैप को उनकी टीमों के फाइनल में न पहुंच पाने के बावजूद पहचान मिली है। 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' अवॉर्ड के विजेता का ऐलान रविवार को लॉर्ड्स में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले विमेंस टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद किया जाएगा।
एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया)
पेरी का यह ICC इवेंट भी शानदार रहा जिसमें उन्होंने 46.25 की औसत से 185 रन बनाए और 7.50 की औसत से चार विकेट लिए। अनुभवी ऑलराउंडर ने ऑस्ट्रेलिया के फाइनल तक के अजेय सफर के दौरान तीन 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड जीते। इसकी शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन से हुई, जहां उन्होंने दो विकेट लिए और 19 रन बनाकर नाबाद रहीं। 35 वर्षीय खिलाड़ी ने इसके बाद पाकिस्तान और भारत के खिलाफ लगातार अर्धशतक लगाए जिससे ऑस्ट्रेलिया का शानदार रिकॉर्ड बना रहा और टीम ने रविवार के फाइनल में जगह पक्की की।
डैनी वायट-हॉज (इंग्लैंड)
इंग्लैंड की डैनी वायट-हॉज टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी के तौर पर फाइनल में पहुंची हैं। उन्होंने 73.5 की शानदार औसत से 294 रन बनाए हैं। उनके अभियान की शुरुआत श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में शतक के साथ शानदार रही जिसके बाद उन्होंने दो और अर्धशतक लगाकर इंग्लैंड को खिताबी मुकाबले तक पहुंचाया। वायट-हॉज ने मेजबान टीम को लगातार तेज शुरुआत भी दिलाई है और पूरे टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 152.33 रहा है।
स्मृति मंधाना (भारत)
भारत की स्मृति मंधाना उस टीम से अकेली नॉमिनी हैं जो सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई। बाएं हाथ की ओपनर ने 41 की औसत से 205 रन बनाए जिसमें पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ लगातार अर्धशतक शामिल हैं, जिससे भारत के अभियान की शानदार शुरुआत हुई। मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के उस अहम मैच में भी शानदार 38 रन बनाए जिसे जीतना भारत के लिए जरूरी था, हालांकि भारत सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाया।
मैरिजेन कैप (दक्षिण अफ्रीका)
शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका की मैरिजेन कैप भी शामिल हैं जिनका ऑल-राउंड प्रदर्शन एक बार फिर प्रोटियाज के लिए बहुत अहम साबित हुआ। सेमीफाइनल तक के सफर में कैप ने 31 की औसत से 124 रन बनाए और 14.37 की औसत से 8 विकेट लिए। उनका सबसे यादगार प्रदर्शन भारत के खिलाफ रहा, जहाँ उन्होंने दो विकेट लिए और फिर नाबाद 81 रन बनाकर ना सिर्फ टीम को जीत दिलाई बल्कि नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें जीवंत रखी। इस अनुभवी ऑल-राउंडर ने गेंदबाजी में भी जबरदस्त निरंतरता दिखाई। नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच को छोड़कर, उन्होंने हर मैच में कम से कम एक विकेट लिया।