Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : ऑस्ट्रेलियाई टीम ने धर्मशाला के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया हाई स्कोरिंग मैच 5 रन से जीतने में सफलता हासिल की है। तेज पिच पर दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए लेकिन आखिरकार जीत ऑस्ट्रेलिया के पाले में जा गिरी। मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ओपनर डेविड वार्नर 81 और ट्रेविस हेड 107 रन की बदौलत तेजतर्रार शुरूआत की थी। मध्यक्रम में मैक्सवेल ने 41, जोश ने 38 तो कप्तान पैट कमिंस ने 37 रन बनाकर टीम को 388 रन तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी कीवी टीम की ओर से रचिन रवींद्र ने शानदार शतक लगाकर न्यूजीलैंड को अच्छी स्थिति में पहुंचाया लेकिन उनके आऊट होते ही सारी जिम्मेदारी जिम्मी नीशम पर आ गई। नीशम ने बड़े शॉट लगाए और दर्शकों का मनोरंजन किया लेकिन आखिरी ओवर में उनका विकेट गिरते ही न्यूजीलैंड लक्ष्य से दूर हो गई।

 

 

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरूआत की और पहले विकेट के लिए डेविड वार्नर तथा ट्रेविस हेड के बीच 175 रन की साझेदारी हुई। यह साझेदारी वार्नर की विकेट के साथ समाप्त हुई जो 19.1 ओवर में ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर उन्हीं को आसान कैच थमा बैठे। इसके बाद वार्नर खुद भी खराब शॉट के कारण मलाल में थे। वार्नर ने 65 गेंदों पर 5 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। ट्रेविस हेड 23.2 ओवर में फिलिप्स की गेंद पर बोल्ड हुए। हेड ने 67 गेंदों पर 109 रन बनाए जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल थे।

 

यह भी पढ़ें:- न्यूजीलैंड की ओर से Rachin Ravindra ने लगाया क्रिकेट विश्व कप में सबसे तेज शतक

 

स्मिथ एक बार फिर फेल साबित हुए और 17 गेंदों पर 18 रन ही बना सके। वह भी फिलिप्स का शिकार बने और 29.4 ओवर में बोल्ट को कैच थमा बैठे। यह फिलिप्स का तीसरा बड़ा विकेट था। मिशेल मार्श 36.3 ओवर में सेंटनर के हाथों बोल्ड हुए। उन्होंने 51 गेंदों पर 36 रन बनाए जिसमें 2 चौके शामिल थे। मार्नस लाबुशाने (26 गेंदों पर 18 रन, 2 चौके) 38.1 ओवर में सेंटनर का दूसरा शिकार बने और रचिन से हाथों कैच आउट हो गए। मैक्सवेल ने 24 गेंदों पर 41 रन की प्रभावशाली पारी खेली जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। लेकिन अर्धशतक नहीं लगा पाए और 44.3 ओवर में नीशम की गेंद पर बोल्ट के हाथों कैच आउट हो गए। 

 

यह भी पढ़ें:- PAK vs SA : पाकिस्तान की शर्मनाक हार, सोशल मीडिया पर चले मीम्स, उड़ा मजाक

 

 

बोल्ट के 49वें ओवर में न्यूजीलैंड को तीन विकेट मिले। बोल्ट ने पहली गेंद पर जोश इंग्लिस (28 गेंदों पर 38) को फिलिप्स के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद तीसरी गेंद पर कमिंस (14 गेंदों पर 37 रन) को बोल्ड किया। 49वें ओवर की अंतिम गेंद पर उन्होंने जम्पा को शून्य पर बोल्ड किया। स्टार्क अंतिम ओवर की पहली गेंद पर कैच आउट हुए। मैट हेनरी की गेंद पर बाउंड्री लगाने के चक्कर में स्टार्क नीशम के हाथों कैच आउट हुए जिससे टीम 49.1 ओवर में ऑलआउट हो गई। 

 

 

लक्ष्य हासिल करने के लिए उतरी न्यूजीलैंड को डेवोन कॉनवे और विल यंग ने सधी हुई शुरूआत दी थी। दोनों ने 7 ओवर के अंदर ही स्कोर 60 पर ला खड़ा किया था। लेकिन कॉनवे (28) का विकेट गिरते ही विल यंग (31) भी पवेलियन लौट गए।  इसके बाद रचिन रवींद्र ने एक छोर संभाला और लगातार जोरदार हिट लगाईं। रचिन को डेरिल मिचेल का भरपूर साथ मिला। मिचेल ने जंपा की गेंद पर स्टार्क को कैच थमाने से पहले 51 गेंदों पर 54 रन बनाए। कप्तान टॉम लैथम 21 तो ग्लेन फिलिप्स 12 रन ही बना पाए। 

 

यह भी पढ़ें:-  खिलाड़ियों को 5 महीने से वेतन नहीं मिला, आप उम्मीद... पूर्व पाक कप्तान Rashid Latif का बड़ा आरोप

 


न्यूजीलैंड को मध्यक्रम में जिम्मी नीशम ने सहारा दिया। मिचेल सेंटनर के 12 गेंदों में 17 रन पर आऊट होने के बाद नीशम ने एक छोर संभाल लिया और जोरदार हिट लगाए। आखिरी दो ओवर में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 32 रन की जरूरत थी, तभी ट्रेंट बोल्ट के साथ मिलकर नीशम ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने किफायती गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 5 रन से जीता। नीशम 58 तो बोल्ट 10 रन बनाने में कामयाब रहे। 

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 

ऑस्ट्रेलिया : डेविड वार्नर, ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श, स्टीवन स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिस (डब्ल्यू), ग्लेन मैक्सवेल, पैट कमिंस (सी), मिशेल स्टार्क, एडम ज़म्पा, जोश हेज़लवुड 

न्यूजीलैंड : डेवोन कॉनवे, विल यंग, रचिन रवींद्र, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर/कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट