Sports

खेल डैस्क : अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ शनिवार दोपहर खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैकगर्क ने एक बार फिर से 15 गेंदों पर फिफ्टी ठोक दी। जेक फ्रेजर ने इसी मैदान पर हैदराबाद के खिलाफ भी यह कारनामा कर दिखाया था अब उनके निशाने पर मुंबई आ गई। जेक फ्रेजर ने मुंबई के खिलाफ महज 24 गेंदों पर 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर अपनी टीम को 257 तक पहुंचाने में मदद की। फ्रेजर की इस पारी के कारण कई रिकॉर्ड भी बने।

 

दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज 50 रन 
15 जेक फ्रेजर मैकगर्क बनाम हैदराबाद, दिल्ली 2024
15 जेक फ्रेजर मैकगर्क बनाम मुंबई, दिल्ली 2024*
17 क्रिस मॉरिस बनाम गुजरात लायंस, दिल्ली 2016
18 ऋषभ पंत बनाम मुंबई, वानखेड़े 2019
18 पृथ्वी शॉ बनाम कोलकाता, अहमदाबाद 2021
बता दें कि टी20 क्रिकेट में 2 बार 15 या उससे कम गेंदों में फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड इससे पहले आंद्रे रसेल और सुनील नरेन के नाम पर था। जेक फ्रेजर अब इनकी बराबरी पर आ गए हैं।

 

 

पावरप्ले में किसी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक रन (आईपीएल)
87 सुरेश रैना, चेन्नई बनाम पंजाब, वानखेड़े 2014
84 ट्रैविस हेड, हैदराबाद बनाम दिल्ली, दिल्ली 2024
78 जेक फ्रेजर मैकगर्क, दिल्ली बनाम मुंबई, दिल्ली 2024 *
74 एडम गिलक्रिस्ट, डेक्कन बनाम दिल्ली, सेंचुरियन 2009

 

 

एक आईपीएल पारी में बाउंड्री में रनों का उच्चतम प्रतिशत (50+ रन)
96.55 सुरेश रैना (84/87) चेन्नई बनाम पंजाब, वानखेड़े 2014
96.30 काइल मेयर्स (52/54) लखनऊ बनाम पंजाब, मोहाली 2023
95.38 आंद्रे रसेल (62/65) कोलकाता बनाम बेंगलुरु, कोलकाता 2019
95.38 जेक फ्रेजर मैकगर्क (62/65) बनाम हैदराबाद, दिल्ली 2024
95.23 जेक फ्रेजर मैकगर्क (80/84) बनाम मुंबई, दिल्ली 2024 *
जेक फ्रेजर की पारी के दौरान स्ट्राइक रेट (कम से कम 20 गेंदें खेलना) 311.11 रही। इस लिस्ट में सुरेश रैना 348.00 की स्ट्राइक रेट के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर युसूफ पठान (327.27) बने हुए हैं।

 


मैकगर्क ने शानदार पारी खेलने के बाद कहा कि हम अब हर खेल को जीतने के नजरिए से देखते हैं। आप कभी भी किसी मैच को इस नजर से नहीं देखते कि आप हार सकते हैं। हम हर एक मैच जीतना चाहते हैं और हमें अब इस जीत की जरूरत है। विकेट थोड़ा बेहतर हो सकता है। जरूरत पड़ने पर अधिक बल्लेबाजों या गेंदबाजों का होना जरूरी है। यह एक बहुत अच्छा अनुभव रहा है। दिल्ली फ्रेंचाइजी ने मेरा खुले दिल से स्वागत किया है। 

 

DC vs MI, Jake Fraser, Delhi vs Mumbai, IPL 2024, IPL news, डीसी बनाम एमआई, जेक फ्रेजर, दिल्ली बनाम मुंबई, आईपीएल 2024, आईपीएल समाचार

 

 

मुकाबले की बात करें तो दिल्ली और मुंबई के मैच की शुरुआत मैकगर्क ने 27 गेंदों पर 84 रन बनाकर की थी। उनके अलावा अभिषेक पोरेल ने 3 चौके और 1 छक्के के साथ 27 गेंदों पर 36 रन, शाइ होप ने 17 गेंदों पर 5 छक्कों के साथ 41, पंत ने 19 गेंदों में 2 छक्के और 2 चौके के साथ 29, ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंदों पर 2 छक्के और 6 चौकों के साथ 48 तो अक्षर ने 6 गेंदों पर 1 छक्के के साथ 11 रन बनाकर टीम को 257 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा के 63, हार्दिक पांड्या के 46, टिम डेविड के 37 रनों की बदौलत 247 रन बनाए लेकिन वह टीम को 10 रन की हार से बचा नहीं पाए।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 
दिल्ली कैपिटल्स :
जेक फ्रेजर-मैकगर्क, कुमार कुशाग्र, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, लिजाद विलियम्स, मुकेश कुमार, खलील अहमद।
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नेहल वढेरा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, पीयूष चावला, ल्यूक वुड, जसप्रित बुमरा, नुवान तुषारा।