Sports

बैंकॉक : युवा परनीत कौर ने गुरुवार को थाईलैंड के बैंकॉक में एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में महिलाओं की कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा में अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ ही भारत ने तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य के साथ अपना अभियान समाप्त किया। 

परनीत कौर ने आज यहां शूट-ऑफ में ज्योति सुरेखा वेन्नम को 9-8 से हराया। दोनों तीरंदाज पांच सेटों के अंत में 145 की बराबरी पर थे। इससे पहले सेमीफाइनल में परनीत कौर ने कजाकिस्तान की लियान विक्टोरिया को 147-145 से हराया था। कौर क्वालीफाइंग राउंड में चौथे स्थान पर रहीं थी। इस बीच, ज्योति सुरेखा वेन्नम ने सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की हुआंग आई-जौ को 148-145 से हराया था। 

क्वालीफाइंग राउंड में वह तीसरे स्थान पर रही थीं। विश्व चैंपियन अदिति स्वामी क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रहीं लेकिन तीसरे राउंड में उन्हें एक बड़े उलटफेर का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही परनीत कौर, ज्योति सुरेखा वेन्नम और अदिति स्वामी की तिकड़ी ने फाइनल में चीनी ताइपे की चेन यी ह्वान, हुआंग आई-जौ और वांग लू-यून पर 234-233 की जीत के साथ महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। 17 वर्षीय अदिति स्वामी ने अंडर-21 विश्व चैंपियन प्रियांश के साथ मिश्रित कंपाउंड टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता। 

भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक मैच में थाईलैंड की कनोकनापस केवचोम्फू और लेट्रूआंगसिल्प नवायुत की जोड़ी को 156-151 से हराया। एशियन गेम्स 2018 चैंपियन और हांगझोऊ 2023 में रजत पदक विजेता अभिषेक वर्मा ने रिपब्लिक ऑफ कोरिया के जू जेहून पर 147-146 की करीबी जीत के साथ कांस्य पदक जीता। वर्मा सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के एंड्रे ट्युटुन से हार गए। 

भारत द्वारा आज जीते गए पांच पदकों के साथ बैंकॉक में एशियाई चैंपियनशिप में देश के पदकों की संख्या 3 स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल सात पदक हो गई। भारतीय महिला रिकर्व और पुरुष कंपाउंड टीमों ने बुधवार को कांस्य पदक जीते थे। एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 भारतीय रिकर्व तीरंदाजों के लिए ओलंपिक क्वालीफायर भी था। हालांकि, भारतीय महिला रिकर्व टीम ने कांस्य पदक जीता, लेकिन प्रति जेंडक केवल स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम ने तीरंदाजी में पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा हासिल किया। 

भारतीय पुरुष रिकर्व टीम क्वाटर्रफाइनल में हार गई। एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप के बाद नौ से 12 नवंबर तक उसी स्थान पर तीरंदाजी के लिए एशियाई व्यक्तिगत ओलंपिक क्वालीफायर आयोजित होंगे। व्यक्तिगत क्वालीफायर में पुरुष और महिला रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा में से प्रत्येक में दो ओलंपिक कोटा (प्रति देश एक) के लिए तीरंदाज अपनी दावेदारी पेश करेंगे।