नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान एशले गार्डनर ने अपनी पत्नी मोनिका राइट से अलग होने से जुड़े विवाद पर आखिरकार प्रतिक्रिया दी है। राइट ने आरोप लगाया था कि गार्डनर का अपनी टीम की साथी जॉर्जिया वोल के साथ अफेयर था और इसी वजह से वे अलग हुईं। राइट ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की भी आलोचना की कि उन्होंने गार्डनर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और उन्हें टीम में लीडरशिप की भूमिका में बने रहने दिया। गार्डनर ने सोशल मीडिया पर CA का समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि राइट से उनका अलग होना एक निजी मामला है। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर आगे कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगी।
गार्डनर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'हालांकि अपनी पत्नी से अलग होना मेरा निजी मामला है, मैं समझती हूं कि उप-कप्तान के तौर पर मेरे मौजूदा रिश्ते की स्थिति के बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को जानकारी होनी चाहिए थी। मैं आभारी हूं कि CA बोर्ड ने मेरे लीडरशिप में बने रहने का समर्थन किया है। मैं एक लीडर के तौर पर मजबूत भूमिका निभाने और आने वाले सीजन में अपनी टीम की साथियों को हर संभव सहयोग देने के लिए उत्सुक हूं। मैं मोनिका के साथ बिताए समय के लिए आभारी हूं और इस वजह से हुए दुख के लिए माफी मांगती हूं। मैं भविष्य में उनके लिए केवल खुशी और सफलता की कामना करती हूं। मैं इस मामले पर अभी कोई और सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करूंगी और अनुरोध करती हूं कि इसमें शामिल लोगों की प्राइवेसी का सम्मान किया जाए।'
इससे पहले राइट ने अधिकारियों से मांग की थी कि गार्डनर से उप-कप्तान का पद छीन लिया जाए। राइट ने 'कोड स्पोर्ट्स' से कहा, 'मुझे लगता है कि अगर आपको अपने देश का प्रतिनिधित्व करने और रोल मॉडल के तौर पर देखे जाने का सौभाग्य मिला है, तो खुद को ऊंचे नैतिक स्तर पर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी आपकी है। मुझे यह समझ नहीं आ रहा है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ क्यों नहीं कहा है।'
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना "निजी और व्यक्तिगत" थी। CA ने कहा, 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यह सुनिश्चित करता है कि हमारे कर्मचारियों के बीच सभी रिश्ते हमारी 'रिस्पेक्ट एट वर्क' पॉलिसी के अनुरूप हों। इसमें लीडरशिप की जिम्मेदारियों को पूरा करने और टीम की प्रक्रियाओं की ईमानदारी बनाए रखने के लिए हितों के टकराव (कॉन्फ्लिक्ट-ऑफ-इंटरेस्ट) के प्रबंधन की उचित व्यवस्था करना शामिल है।'