बेंगलुरु, (निकलेश जैन)। ग्लोबल चेस लीग सीजन-4 के पहले दिन रोमांचक मुकाबलों के बीच डिफेंडिंग चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने काले मोहरों से खेलते हुए मुम्बा मास्टर्स को 10-8 से हराकर अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। वहीं फ़ायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स ने पहले दिन अपने दोनों मुकाबले जीतकर शुरुआती बढ़त बना ली।
उज़्बेकिस्तान के जावोखीर सिंदारोव के नेत्तृत्व वाली युवा टीम अमेरिकन गैम्बिट्स ने दिन के पहले मुकाबले में पाँच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के नेत्तृत्व वाली पीबीजी अलस्कन नाइट्स को 10-4 से हराया और फिर दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कांटिनेंटल किंग्स को 14-5 से मात दी। एक अन्य मुकाबले में रूस के यान नेपोमनिशी के नेत्तृत्व वाली गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स नें त्रिवेणी कांटिनेंटल किंग्स को 10-9 से हराया।
पाइपर्स और मुंबई के बीच मुकाबले में एम. प्रनेश ने अनिश गिरी को हराकर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद विदित गुजराती ने शखरियार मामेद्यारोव को हराकर पाइपर्स की वापसी कराई। कोनेरू हम्पी ने कैरिसा यिप को मात दी, जबकि डी. हरिका ने महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को हराकर स्कोर बराबर कर दिया। हालांकि काले मोहरों से जीत के लिए मिलने वाले अतिरिक्त गेम प्वाइंट के कारण पाइपर्सको बढ़त मिली। आइकन बोर्ड पर मैग्नस कार्लसन और मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के बीच बाजी ड्रॉ रही और पिपर्स ने 10-8 से मुकाबला अपने नाम किया।
दिन के पहले मुकाबले में 2026 कैंडिडेट्स चैंपियन जावोखिर सिंदारोव ने आइकन बोर्ड पर विश्वनाथन आनंद को 57 चालों में हराकर अमेरिकन गैम्बिट्स को बढ़त दिलाई जबकि अन्य मुकाबलों के ड्रॉ रहने के बाद पीबीजी को वापसी के लिए अभिमन्यु मिश्रा से जीत की उम्मीद थी, लेकिन मार्क एंड्रिया ने 81 चालों के बाद एंडगेम में जीत दर्ज की। सिंदारोव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में अमेरिकन गैम्बिट्स ने काले मोहरों से खेलते हुए ट्रिवेनी कॉन्टिनेंटल किंग्स को 14-5 से हराया। डेनियल डुबोव ने अरविंद चितंबरम, निहाल सरीन ने वेई यी और मार्क ने वी. प्रणव को हराकर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की। एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक ने सारा ख़ादेम को हराकर किंग्स के लिए एकमात्र जीत दर्ज की।
इससे पहले गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स और त्रिवेणी कांटिनेंटल किंग्स के बीच मुकाबला दिन का सबसे रोमांचक मैच रहा। पांच मुकाबलों में परिणाम निकला। लेवोन अरोनियन ने वेई यी को 29 चालों में हराया, जबकि पोलिना शुवालोवा और स्टावरोउला त्सोलाकिडू ने महिला बोर्ड पर जीत दर्ज की। ट्रिवेनी की ओर से अरविंद चितंबरम ने लीनियर डोमिंग्वेज को समय समाप्त होने पर हराया और वी. प्रणव ने लियोन ल्यूक मेंडोंका को मात दी, लेकिन गेंजेस ने मुकाबला 10-9 से जीत लिया।