Sports

खेल डैस्क : भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की बायोपिक ‘चकदा एक्सप्रेस’ में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की पत्नी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा लीड रोल निभा रही हैं। इस फिल्म की कुछ फोटोज अनुष्का शर्मा ने जब सोशल मीडिया पर शेयर की तो इस पर बॉलीवुड अभिनेत्री नीना गुप्ता ने कमेंट किया। नीना ने अनुष्का के काम की तारीफ करते हुए इसपर स्माइली इमोजी दिए। यही नहीं, झूलन ने भी अनुष्क की इस फोटो पर कमेंट किया।

 

बहरहाल, अनुष्का ने जो पोस्ट शेयर की है उसमें दो फोटो है। पहली फोटो अनुष्का के हाथ की है जिसमें उन्होंने गेंद को पकड़ा हुआ है। दूसरी फोटो में वह काले रंग की टी-शर्ट और धूप के चश्मे में दिख रही है। वह इस बार एक्शन में हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन दिया है- ग्रिप बाय ग्रिप। प्रेप, चकदा एक्सप्रेस। अनुष्का के इस लुक की प्रशंसकों ने खूब तारीफ की है।

 

अनुष्का शर्मा ने झूलन गोस्वामी पर बन रही बायोपिक की घोषणा पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। इसमें उन्होंने लिखा था- एक महिला के रूप में, मुझे झूलन की कहानी सुनकर गर्व हुआ। क्रिकेट प्रेमियों के आगे उनका जीवन लाने की कोशिश करना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेट राष्ट्र के रूप में, हमें अपनी महिला क्रिकेटरों को उनका हक देना होगा। झूलन की कहानी वास्तव में भारत में क्रिकेट के इतिहास पर नजर दौड़ाएगी जिसमें भावनाओं का वेग होगा।