Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत से मिली करारी हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की रणनीति पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने सैंटनर के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें उन्होंने ग्लेन फिलिप्स को एक ओवर के बाद ही गेंदबाजी से हटा दिया। कुंबले का मानना है कि अभिषेक शर्मा के खिलाफ ऑफ स्पिन जारी रखना बेहतर फैसला हो सकता था।

कुंबले बोले – पावरप्ले में हुई ‘ओवरथिंकिंग’

ईएसपीएनक्रिकइन्फो पर बातचीत करते हुए अनिल कुंबले ने कहा कि फिलिप्स ने अच्छा ओवर डाला था और उन्हें गेंदबाजी जारी रखनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा, 'फिलिप्स को अगला ओवर भी देना चाहिए था। मैट हेनरी ने पहला ओवर अच्छा डाला, उसके बाद फिलिप्स ने भी शानदार ओवर किया। लेकिन अचानक सैंटनर ने सोचा कि डफी या फर्ग्यूसन को लाना चाहिए। पावरप्ले में चार गेंदबाजों का इस्तेमाल करना थोड़ी ओवरथिंकिंग जैसा लगा।' कुंबले ने यह भी कहा कि जब अभिषेक शर्मा स्ट्राइक पर थे, तब भी फिलिप्स को एक और ओवर दिया जा सकता था।

फाफ डु प्लेसिस ने चयन फैसले पर उठाए सवाल

वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने सैंटनर के ऑन-फील्ड फैसले का बचाव किया, लेकिन टीम चयन पर सवाल उठाए। फाफ ने कहा कि कोल मैककॉन्ची को टीम से बाहर रखना सही फैसला नहीं था। मैककॉन्ची ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने पहले ही ओवर में क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन जैसे दो बड़े बल्लेबाजों को आउट किया था।

अभिषेक शर्मा को मिला वही जो वह चाहते थे

फाफ डु प्लेसिस का मानना है कि न्यूजीलैंड की रणनीति आखिरकार अभिषेक शर्मा के पक्ष में चली गई। उन्होंने कहा कि जब अभिषेक ने फिलिप्स की कुछ गेंदें संभलकर खेल लीं, तो उसके बाद दोनों छोर से तेज गेंदबाजों को लाया गया, जो ठीक वही स्थिति थी जिसकी अभिषेक को जरूरत थी।

फिलिप्स को कम ओवर, डफी हुए महंगे

ग्लेन फिलिप्स ने अपने एकमात्र ओवर में सिर्फ 5 रन दिए थे, लेकिन इसके बाद उन्हें गेंदबाजी नहीं दी गई। वहीं तेज गेंदबाज जैकब डफी भारतीय बल्लेबाजों के सामने महंगे साबित हुए। उन्होंने तीन ओवर में 42 रन लुटा दिए। इस दौरान भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली और पावरप्ले में भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।