मुंबई : प्रसिद्ध कृष्णा, विद्वथ कावेरप्पा और श्रेयस गोपाल की शानदार गेंदबाजी के बाद मयंक अग्रवाल की नाबाद अर्धशतकीय पारी से कर्नाटक ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के पहले दिन मुंबई के खिलाफ अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली। मुंबई का पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय उल्टा पड़ गया क्योंकि कर्नाटक के गेंदबाजों ने मेजबान टीम की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध (21 रन पर तीन विकेट) और कावेरप्पा (38 रन पर तीन विकेट) तथा लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल (चार रन पर तीन विकेट) ने तीन-तीन विकेट लेकर मुंबई को 48.1 ओवर में 120 रन पर आउट कर दिया। दिन का खेल खत्म होते समय कर्नाटक ने दो विकेट पर 110 रन बना लिए। वह मुंबई से अब सिर्फ 10 रन पीछे हैं और उसके आठ विकेट बचे है। मयंक 81 गेंदों पर 54 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है।
मुंबई की शुरुआत कमजोर रही। यशस्वी जायसवाल, मुशीर खान और सिद्धेश लाड के रूप में टीम ने 14 ओवर में 39 रन तक तीन विकेट गंवा दिये। सलामी बल्लेबाज अखिल हेरवाडकर ने अकेले दम पर संघर्ष किया और 138 गेंदों पर 60 रन बनाए। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। मुंबई ने 50 रन के अंदर सात विकेट गंवा दिए। कर्नाटक ने इसके जवाब में आक्रामक शुरुआत की। लोकेश राहुल (28) और मयंक यादव ने शुरुआती पांच ओवरों में ही 33 रन जड़ दिए। राहुल ने आक्रामक अंदाज में 26 गेंद की पारी में मुंबई के कप्तान शारदुल ठाकुर पर चौकों की बरसात कर दी।