Sports

मुंबई : भारत में होने वाले आगामी एएफसी महिला एशियाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अनुभवी महिला मैच अधिकारियों की अब तक की सबसे बड़ी टीम देखने को मिलेगी। यह टूर्नामेंट 20 जनवरी से छह फरवरी तक महाराष्ट्र के तीन शहरों मुंबई, नवी मुंबई और पुणे में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए 32 मैच अधिकारियों का चयन किया गया है। इसमें 16 रेफरी और एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) के 15 सदस्य संघों के सहायक रेफरी शामिल हैं। ये अधिकारी टूर्नामेंट में प्ले-ऑफ सहित अधिकतम 29 मैचों में कार्यभार संभालेंगे।

इस दल में शामिल नौ मैच अधिकारियों ने फ्रांस में 2019 में हुए फीफा महिला विश्व कप में अपनी सेवाएं दी थी। मैच अधिकारियों के इस दल में तीन भारतीय रंंजीता देवी टेकचम (रेफरी), फर्नांडीस उवेना (सहायक रेफरी) और रेबेलो मारिया पिएडेड (तकनीकी प्रशिक्षक) शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में पहली बार वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) का भी इस्तेमाल होगा।

वीएआर का इस्तेमाल क्वार्टर फाइनल के साथ-साथ संभावित प्ले-ऑफ मैचों में होगा। बयान के मुताबिक कि टूर्नामेंट के लिए अतिरिक्त छह वीडियो मैच अधिकारियों को नियुक्त किया जाएगा, इस प्रणाली का उपयोग दो स्थानों नवी मुंबई और पुणे में किया जाएगा।