Sports

सिडनी : जापान की महिला फुटबॉल टीम ने बुधवार को यहां दक्षिण कोरिया पर 4-1 की जीत से महिला एशियाई कप के फाइनल में जगह बनाई जिसमें उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। सेमीफाइनल में जापान का दबदबा रहा जिसमें रिको उएकी और माइका हमानो ने पहले हाफ में गोल करके बढ़त दिलाई। 

पहले हाफ में आओबा फुजिनो के 43वें मिनट में गोल को वीएआर समीक्षा के बाद अमान्य घोषित कर दिया गया। वरना पहले हाफ का स्कोर 3-0 हो सकता था। 75वें मिनट में अनुभवी डिफेंडर साकी कुमागाई ने मोमोको तानिकावा की कॉर्नर किक पर हेडर से टीम का तीसरा गोल किया। फीफा रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज एशिया की शीर्ष टीम जापान के इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में गोलों की संख्या 27 हो गई है। 

वहीं जापान की टीम ने इस टूर्नामेंट में पहली बार कोई गोल खाया जब 78वें मिनट में कांग चे-रिम ने बेहद करीब से जोरदार शॉट लगाते हुए गोल कर दिया। फिर जापान के लिए रेमिना चिबा ने 81वें मिनट में एक जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 4-1 कर दिया। अब फाइनल मुकाबला शनिवार को सिडनी में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में गत चैंपियन चीन को 2-1 से हराया था।