नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष जय शाह ने बुधवार को बताया कि मौजूदा टी20 विश्व कप ने प्रसारण के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं क्योंकि इस टूर्नामेंट को देखने वाले दर्शकों की संख्या 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है, जो टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक है।
आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दर्शकों की संख्या के मामले में कुछ लक्ष्य तय किए थे और वह उन्हें हासिल करने में सफल रहा। शाह ने एक्स पर लिखा, 'आईसीसी टी20 विश्व कप का सफर इसे वैश्विक और सहज क्रिकेट प्रतियोगिता बनाने के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ था। मुझे खुशी है कि भारत में हो रही इस प्रतियोगिता में दर्शकों की संख्या 50 करोड़ से अधिक हो गई है, जो टी20 विश्व कप के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक संख्या है।'
उन्होंने कहा, 'यह देखकर बेहद खुशी हुई कि जियो हॉटस्टार पर टूर्नामेंट को देखने वाले दर्शकों की संख्या छह करोड़ 50 लाख तक पहुंच गई है। टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच आज रात से शुरू हो रहे हैं और हमें उम्मीद है कि भारतीय प्रशंसकों से हमारी इस प्रतियोगिता को मिलने वाला अपार प्यार और भी रिकॉर्ड बनाने में मदद करेगा।' टूर्नामेंट के दो सेमीफाइनल और फाइनल अभी खेले जाने बाकी हैं, लेकिन उसने 2024 में अमेरिका में खेले गए टूर्नामेंट में दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड पहले ही तोड़ दिया है।