हांगकांग (निकलेश जैन) । चीन की ड्रैगन चिलिंग टीम ने फीडे विश्व टीम ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। रैपिड विश्व खिताब जीतने के बाद टीम ने ब्लिट्ज का स्वर्ण भी अपने नाम कर लिया और इस तरह हांगकांग में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार "गोल्डन डबल" पूरा किया। फाइनल में ड्रैगन चिलिंग ने एंडगेम.एआई को एकतरफा अंदाज में पराजित कर 75,000 यूरो की प्रथम पुरस्कार राशि हासिल की। यह पहला अवसर है जब किसी चीनी टीम ने विश्व टीम रैपिड और ब्लिट्ज चैंपियनशिप में खिताब जीता है।
एंडगेम.एआई दूसरे स्थान पर रहा और उसे 50,000 यूरो मिले, जबकि उजबेकिस्तान ने कांस्य पदक जीतते हुए 30,000 यूरो की पुरस्कार राशि प्राप्त की। हेक्सामाइंड चौथे स्थान पर रहा। पिछले वर्ष की ब्लिट्ज चैंपियन और विश्व की सबसे मजबूत टीम मानी जा रही मैगनस कार्लसन की डबल्यू आर टीम को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह में फीडे उपाध्यक्ष विश्वनाथन आनंद ने हांगकांग की मेजबानी की सराहना करते हुए कहा कि हांगकांग ने केवल प्रतियोगिता की मेजबानी नहीं की, बल्कि उसे विश्वस्तरीय मंच भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल शीर्ष खिलाड़ियों का खेल नहीं, बल्कि स्कूलों, क्लबों, परिवारों और हर शतरंज प्रेमी का खेल है।
उजबेकिस्तान ने रोकी कार्लसन की राह
क्वार्टर फाइनल में दिन का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब उजबेकिस्तान ने मैग्नस कार्लसन, फेबियानो कारुआना और प्रज्ञानानंदा जैसे सितारों से सजी WR Chess को बाहर कर दिया। नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने कार्लसन को हराकर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। दोनों मुकाबलों के संयुक्त परिणाम के आधार पर उजबेकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच गया।
भारतीय प्रशंसकों के लिए एक और निराशाजनक परिणाम तब आया जब चेसगुरुकुल की शानदार यात्रा क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गई। हेक्सामाइंड ने दोनों मुकाबले 3.5-2.5 के समान अंतर से जीतकर भारतीय टीम को बाहर कर दिया। हालांकि इससे पहले चेसगुरुकुल ने विश्वनाथन आनंद की चेस यूनाइटेड को हराकर प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर किया था।