जिनेवा स्विट्ज़रलैंड (निकलेश जैन): अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फीडे) ने अक्टूबर माह की रेटिंग सूची जारी कर दी है और इसके साथ ही आगामी विश्व चैंपियनशिप मुकाबले की तस्वीर भी रेटिंग के लिहाज से साफ हो गई है। मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के गुकेश डी 2710 रेटिंग अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में 28वें स्थान पर हैं, जबकि विश्व चैंपियनशिप में उनके चैलेंजर उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 2782 रेटिंग पर पहुंच गए हैं और दुनिया में चौथे स्थान पर काबिज हैं। यानी खिताबी मुकाबले में उतरने से पहले दोनों खिलाड़ियों के बीच 72 अंकों का बड़ा फासला है।
गुकेश के लिए यह आंकड़ा इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि दो साल पहले वे 2794 की रेटिंग तक पहुंच गए थे और 2800 के जादुई आंकड़े से महज कुछ कदम दूर थे। तब से अब तक उनकी रेटिंग में 84 अंकों की गिरावट आ चुकी है। हालांकि हाल ही में समरकंद में संपन्न हुए शतरंज ओलंपियाड में उन्होंने चौथे बोर्ड पर सभी 11 राउंड खेलते हुए रजत पदक जीता और अपनी रेटिंग में कुछ सुधार भी किया, लेकिन शीर्ष खिलाड़ियों से उनका फासला अब भी काफी बना हुआ है।
दूसरी ओर सिंदारोव इस समय अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। 2025 फीडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्होंने 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर विश्व चैंपियनशिप में गुकेश को चुनौती देने का अधिकार हासिल किया, और समरकंद में अपने घरेलू दर्शकों के सामने उज़्बेकिस्तान को ओलंपियाड का स्वर्ण पदक दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। अब 2782 की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के साथ वे पूरे आत्मविश्वास के साथ खिताबी मुकाबले में उतरेंगे।
72 अंकों के इस अंतर का सीधा असर विश्व चैंपियनशिप की हर बाजी पर रेटिंग के रूप में दिखेगा। गुकेश को हर बाजी जीतने पर 6 रेटिंग अंक मिलेंगे और ड्रॉ खेलने पर भी उन्हें 1 अंक का फायदा होगा, जबकि हारने की स्थिति में उनके 4 अंक कम होंगे। ठीक इसके उलट सिंदारोव को हर जीत पर 4 अंक मिलेंगे, ड्रॉ होने पर उनका 1 अंक घटेगा और हारने पर उन्हें 6 अंकों का नुकसान उठाना पड़ेगा।
यानी रेटिंग के गणित में गुकेश के पास खोने के लिए कम और पाने के लिए ज्यादा है - हर ड्रॉ भी उनकी रेटिंग बढ़ाएगा, जबकि सिंदारोव पर अपनी ऊंची रेटिंग और प्रबल दावेदार होने की छवि को सही साबित करने का दबाव रहेगा। कागज पर चैलेंजर का पलड़ा भारी जरूर दिखता है, लेकिन विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला रेटिंग से नहीं बल्कि बोर्ड पर खेली गई चालों से तय होता है, और गुकेश पहले भी साबित कर चुके हैं कि बड़े मौकों और दबाव की परिस्थितियों में वे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने का माद्दा रखते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या विश्व चैंपियन रेटिंग के इस फासले को पीछे छोड़ते हुए अपना खिताब बचा पाते हैं या सिंदारोव अपनी शानदार फॉर्म को विश्व खिताब में बदल देते हैं।