ग्रॉसलोबमिंग,ऑस्ट्रिया ( निकलेश जैन ) 2024/2025 फीडे महिला ग्रां प्री शृंखला अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है। छह चरणों की इस सीरीज़ का अंतिम और छठा चरण 6 मई से ऑस्ट्रिया के ग्रॉसलोबमिंग में शुरू होगा, जहां शृंखला की विजेता के साथ-साथ 2026 महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए दो क्वालिफायर भी तय होंगे।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की शुरुआत अगस्त 2024 में जॉर्जिया के त्बिलिसी से हुई थी। पिछले पांच चरणों के बाद रूस की अलेक्ज़ांद्रा गोर्याचकिना 308.34 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, लेकिन वह ऑस्ट्रिया चरण में भाग नहीं ले रही हैं। दूसरे स्थान पर भारत की कोनेरू हम्पी हैं, जिनके पास 279.17 अंक हैं। वह भी पहले ही तीन चरणों में भाग ले चुकी हैं, इसलिए ऑस्ट्रिया में नहीं खेलेंगी। ऐसे में खिताबी होड़ अब चीन की झू जिनेर (235 अंक) और यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक (189.17 अंक) के बीच सिमट गई है।
झू जिनेर को पहले स्थान पर आने के लिए शीर्ष तीन में रहना जरूरी होगा, जबकि अन्ना मुजिचुक को टूर्नामेंट जीतकर
130 अंक लेने होंगे—जो मुश्किल जरूर है, पर असंभव नहीं।
ऑस्ट्रिया चरण में दस शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगी, जिनमें तीन पूर्व विश्व चैम्पियन—अलेक्ज़ांद्रा कोस्टेनियुक, तान झोंगयी और मरिया मुजिचुक—भी शामिल हैं। भारत की वैशाली रामेशबाबू भी इस निर्णायक चरण में अपनी चुनौती पेश करेंगी। अब तक के प्रदर्शन मेंवैशाली अपनी क्षमताओं के अनुरूप नहीं खेल सकीं हैं, लेकिन ऑस्ट्रिया का यह चरण उनके लिए ग्रां प्री में बदलाव का अवसर बन सकता है।
खिलाड़ियों की सूची (टूर्नामेंट से पहले के कुल ग्रां प्री अंक):
महिला ग्रां प्री सीरीज़ न केवल पुरस्कार राशि (€600,000) और कैंडिडेट्स के लिए रास्ता प्रदान करती है, बल्कि यह महिला शतरंज को एक नई पहचान और मंच देती है। FIDE अध्यक्ष अर्काडी द्वोर्कोविच ने कहा, “अब महिला शतरंज केवल अस्तित्व की लड़ाई नहीं, बल्कि एक विकसित होती रणनीति का हिस्सा है।”
ऑस्ट्रिया टूर्नामेंट के मुख्य बिंदु:
-
स्थान: ग्रॉसलोबमिंग, स्टायरिया, ऑस्ट्रिया
-
तिथियाँ: 5 से 15 मई (खेल 6 मई से शुरू)
-
प्रारूप: राउंड रॉबिन (9 राउंड), समय सीमा – पहले 40 चालों के लिए 90 मिनट, फिर 30 मिनट + हर चाल पर 30 सेकंड की बढ़ोतरी
-
कुल पुरस्कार राशि: €120,000
यह चरण महिला शतरंज के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है। अब देखना यह है कि कौन सी खिलाड़ी अंतिम बाजी अपने नाम करती है और कौन 2026 की कैंडिडेट्स सूची में जगह बनाती है।