Sports

खेल डैस्क : भारतीय क्रिकेट में 7 नंबर की जर्सी महेंद्र सिंह धोनी की पहचान है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बीते साल ही इस जर्सी को धोनी के लिए रिटायर भी कर दिया था। रांची के रहने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी ने इसी नंबर की जर्सी पहनकर अपने कौशल और करिश्मा से प्रशंसकों को खुश किया था। धोनी ने एक कार्यक्रम के दौरान इस पर बात की कि उन्होंने 7 जर्सी क्यों चुनी? धोनी बोली- मेरे माता-पिता ने मेरे जन्म का दिन चुना। मेरा जन्म 7 जुलाई को हुआ, जो 7वां महीना भी है। साल 1981 था, इसलिए 8 घटा 1 बराबर 7। इसलिए जब उन्होंने मुझसे पूछा कि आपको कौन सा नंबर चाहिए तो मेरे लिए 7 चुनना आसान था।


बता दें कि बीसीसीआई ने 2023 में नंबर 7 जर्सी को रिटायर करके भारतीय क्रिकेट में धोनी के महत्वपूर्ण योगदान को श्रद्धांजलि दी है। इससे पहले सचिन तेंदुलकर की 10 नंबर जर्सी भी रिटायर की जा चुकी है। इसका मतलब यह है कि अब कोई भी खिलाड़ी पुरुष क्रिकेट में नंबर 7 या नंबर 10 की जर्सी नहीं पहन सकेगा। धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 7 नंबर की जर्सी पहनकर की थी और इसका समापन भी इसी नंबर के साथ किया। 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले धोनी अभी आईपीएल में सक्रिय है। 

 


आईपीएल 2023 जीतने के बाद धोनी ने अपने घुटने की सर्जरी करवाई थी। लेकिन अब वह फिट होने के बाद आईपीएल 2024 में वापसी के लिए तैयारी हैं। रांची में नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने संन्यास की अटकलों को खारिज कर दिया। अब जब धोनी अपने आखिरी सीजन के लिए मैदान पर उतरेंगे तो सभी की निगाहें उन पर होंगी।