स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अब सभी की नजरें दूसरे सेमीफाइनल पर टिकी हैं, जहां मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से होगा। दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के इरादे से अटलांटा में आमने-सामने होंगी। फुटबॉल इतिहास की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में से एक इस मुकाबले को लेकर दुनियाभर के फैंस उत्साहित हैं।
फाइनल का टिकट दांव पर
अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने का सपना देख रही है, जबकि इंग्लैंड 1966 के बाद पहली बार विश्व कप जीतने की उम्मीद को जिंदा रखना चाहेगा। थॉमस टुखेल की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित प्रदर्शन किया है, वहीं लियोनेल स्कालोनी की टीम मुश्किल मुकाबलों से उबरकर सेमीफाइनल तक पहुंची है।
अर्जेंटीना और इंग्लैंड का सफर
अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में उसे कड़ी चुनौती मिली। टीम ने केप वर्डे और स्विट्जरलैंड के खिलाफ अतिरिक्त समय में जीत दर्ज की, जबकि राउंड ऑफ-16 में मिस्र के खिलाफ दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। दूसरी ओर इंग्लैंड ने अपेक्षाकृत संतुलित प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई। टीम की मजबूत डिफेंस और दबाव में संयम उसकी सबसे बड़ी ताकत रही है, हालांकि अब तक वह अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
भारत में कब और कहां देखें मैच?
भारत में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 16 जुलाई (गुरुवार) को रात 12:30 बजे (IST) खेला जाएगा। मैच का आयोजन अटलांटा स्टेडियम, जॉर्जिया (अमेरिका) में होगा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग Zee5 ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी, जिसके लिए सब्सक्रिप्शन जरूरी है। वहीं Unite8 Sports 1, Unite8 Sports 1 HD, Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD चैनलों पर मुकाबले का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
मैच की अहम जानकारी
मैच: इंग्लैंड vs अर्जेंटीना (सेमीफाइनल)
तारीख: 16 जुलाई 2026 (गुरुवार)
समय: रात 12:30 बजे (भारतीय समय)
स्थान: अटलांटा स्टेडियम, जॉर्जिया (अमेरिका)
रेफरी: इस्माइल एलफाथ.