स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में सीरीज का दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला दिलचस्प होगा, क्योंकि हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में मिली हार के बाद सीरीज बराबर करने के लिए पूरी ताकत के साथ वापसी करेगी। वहीं टी20 सीरीज में 4-0 से हारने के बाद भारत वनडे सीरीज में अजय बढ़त बनाने उतरेगा। इस बीच भारत के पूर्व कप्तान और धमाकेदार बल्लेबाज विराट कोहली पर नजर रहेगी जो सिर्फ 4 रन बनाकर राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ना चाहेंगे और इंग्लैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।
पहले मैच में कोहली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और 259 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र छह गेंदों पर सिर्फ पाँच रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अगर भारत के पूर्व कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में चार रन बना लेते हैं, तो वह इंग्लैंड की जमीन पर सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। वह द्रविड़ से आगे निकल जाएंगे, जिन्होंने इंग्लैंड में 55.10 की औसत से 8 शतक लगाते हुए 2645 रन बनाए हैं।
फिलहाल, कोहली के नाम इंग्लैंड में खेल के सभी फॉर्मेट में कुल 2,642 रन हैं, 18 अर्धशतक और तीन शतक की मदद से उनका औसत 40.03 रहा। उन्होंने 2018 में एक टेस्ट मैच में 149 रन का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया था।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी (सभी फॉर्मेट में) :
राहुल द्रविड़ - 2645 रन
विराट कोहली - 2642 रन
सचिन तेंदुलकर - 2626 रन
रोहित शर्मा - 2298 रन
सौरव गांगुली - 1949 रन
महेंद्र सिंह धोनी - 1869 रन
रवींद्र जडेजा - 1644 रन
केएल राहुल - 1643 रन
सुनील गावस्कर - 1583 रन
शिखर धवन - 1478 रन
इंग्लैंड में विराट कोहली के आंकड़े (तीनों फॉर्मेट में) :
टेस्ट - 1,096 रन
वनडे - 1,354 रन
T20I - 192 रन
कुल - 2,682 रन