लॉर्ड्स, लंदन: टीम इंडिया से बाहर चल रहे युजवेंद्र चहल का इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन जारी है। इंग्लैंड के घरेलू वनडे टूर्नामेंट (England One-Day Cup) में चहल लगातार अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ रहे हैं। नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए उन्होंने समरसेट के खिलाफ एक बार फिर शानदार गेंदबाजी की और टीम को 7 विकेट से बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
चहल ने समरसेट के खिलाफ अपने 10 ओवर के स्पेल में एक मेडन सहित 3 विकेट हासिल किए। उनकी गेंदबाजी के दम पर नॉर्थम्पटनशायर ने समरसेट की पूरी टीम को 185 रन पर समेट दिया। चहल के अलावा रॉब कीओ ने भी 10 ओवर में 35 रन देकर 4 विकेट झटके। दोनों स्पिनरों ने मिलकर समरसेट के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
माइकल वॉन के बेटे को भी बनाया शिकार
चहल की इस शानदार गेंदबाजी का सबसे खास पल तब आया, जब उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के बेटे आर्ची वॉन को स्टंप आउट कराया। आर्ची और जोशुआ थॉमस पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन 33वें ओवर में चहल की गेंद पर आर्ची अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद समरसेट की पारी लगातार लड़खड़ाती चली गई और टीम 185 रन पर ऑलआउट हो गई।
समरसेट की शुरुआत अच्छी रही थी और उसके सलामी बल्लेबाजों ने 53 रन की साझेदारी की थी। लेकिन इसके बाद नॉर्थम्पटनशायर के गेंदबाजों ने शिकंजा कस दिया। चहल और कीओ के अलावा अन्य गेंदबाजों ने भी उनका अच्छा साथ दिया। समरसेट ने 126 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने पांच विकेट गंवा दिए थे।
186 रन का लक्ष्य नॉर्थम्पटनशायर ने आसानी से किया हासिल
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थम्पटनशायर की शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले ही दो ओवर में गस मिलर और लुईस मैकमैनस के विकेट गंवा दिए। दोनों बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद ल्यूक प्रॉक्टर और कप्तान नाथन मैकस्वीनी ने पारी को संभाला और टीम को जीत की राह पर ला दिया।
प्रॉक्टर ने 75 गेंदों पर 85 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं मैकस्वीनी ने 76 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए। उनकी पारी के दम पर नॉर्थम्पटनशायर ने महज 30 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 20 ओवर बाकी रहते 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
टूर्नामेंट में चहल का शानदार प्रदर्शन
चहल का इंग्लैंड वनडे कप में प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है। 36 वर्षीय लेग स्पिनर ने अब तक 7 मैचों में 15 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत करीब 21 का है, जबकि इकॉनमी रेट 4.56 है। टूर्नामेंट के टॉप-5 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में चहल का इकॉनमी रेट सबसे बेहतर है। विकेट लेने के मामले में यॉर्कशायर के बेन क्लिफ 18 विकेट के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि ग्लेमॉर्गन के डैन डॉथवेट 17 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। चहल 15 विकेट के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
खास बात यह है कि चहल ने पिछले तीन मुकाबलों में ही 9 विकेट झटक लिए हैं। इंग्लैंड में लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ वह भारतीय टीम में वापसी की दावेदारी को भी मजबूत कर रहे हैं। हालांकि फिलहाल उनका पूरा फोकस घरेलू टूर्नामेंट में नॉर्थम्पटनशायर के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर है।