Sports

सेंट लुईस, अमेरिका ( निकलेश जैन )  ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स 2026 के पहले दिन भारत के ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानन्दा और जर्मनी के विंसेंट कीमर के बीच खेला गया मुकाबला सबसे रोमांचक रहा। दोनों खिलाड़ियों ने कई मौकों पर बढ़त हासिल की, लेकिन अंततः बाजी ड्रॉ पर समाप्त हुई। दूसरे सेमीफाइनल में फैबियानो करूआना और वेस्ली सो के बीच मुकाबला भी ड्रॉ रहा।

ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में चार शीर्ष खिलाड़ी—प्रज्ञानन्दा, कीमर, सो और करूआना—खिताब के लिए मुकाबला कर रहे हैं। पहले चरण में दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में दो क्लासिकल गेम खेले जाएंगे।

प्रज्ञानन्दा-कीमर के बीच जबरदस्त संघर्ष

प्रज्ञानन्दा ने काले मोहरों से खेलते हुए शुरुआत में ही वजीर चलकर मुकाबले को बेहद जटिल बनाने की कोशिश की। यह प्रज्ञानन्दा की शैली का परिचित अंदाज है, जहां वे शुरुआती दौर में ही अपने प्रतिद्वंद्वी को तैयारी से बाहर निकालकर एक नई और असंतुलित स्थिति बनाने की कोशिश करते हैं।

हालांकि शुरुआती चरण में कीमर ने केंद्र में जगह बनाते हुए बेहतर स्थिति हासिल कर ली थी। 13वीं चाल तक जर्मन खिलाड़ी को हल्की बढ़त मिल गई थी, लेकिन उनकी घड़ी पर समय तेजी से कम हो रहा था। वे प्रज्ञानन्दा की तुलना में करीब आधे घंटे पीछे चल रहे थे।

समय के दबाव के बावजूद कीमर ने लगातार मुश्किल सवाल खड़े किए और मुकाबला बेहद रोमांचक बन गया। दोनों खिलाड़ियों को अलग-अलग चरणों में जीत के मौके मिले, लेकिन अंततः सटीक खेल के बाद बाजी ड्रॉ पर समाप्त हुई।

करूआना और सो भी बराबरी पर

दूसरे सेमीफाइनल में वेस्ली सो और फैबियानो करूआना के बीच भी संघर्षपूर्ण मुकाबला ड्रॉ रहा। फ्रेंच डिफेंस की एक्सचेंज वैरिएशन से शुरू हुई बाजी में सो ने खेल को अधिक जटिल बनाने की कोशिश की। करूआना कुछ समय के लिए मुश्किल स्थिति में जरूर पहुंचे, लेकिन उन्होंने सटीक बचाव करते हुए आधा अंक हासिल कर लिया।

इस तरह पहले दिन दोनों सेमीफाइनल 3-3 के स्कोर पर रहे। दूसरे दिन क्लासिकल मुकाबलों में रंग बदलेंगे और उसके बाद रैपिड तथा ब्लिट्ज के जरिए फाइनलिस्ट का फैसला होगा।

ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में कुल 4.5 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि दांव पर है, जबकि विजेता को 2 लाख डॉलर मिलेंगे।

NO Such Result Found