भोपाल। ( निकलेश जैन) मध्य प्रदेश जूनियर शतरंज टीम की चयन प्रक्रिया भोपाल के सेज इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित आठ राउंड की अंतरराष्ट्रीय रेटिंग स्पर्धा के साथ सम्पन्न हो गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद बालक वर्ग में ग्वालियर के शुभ खत्री और बालिका वर्ग में इंदौर की अविका पंवार ने शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के शीर्ष चार बालक और शीर्ष चार बालिका खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप 2026 के लिए मध्य प्रदेश टीम में किया गया है, जिसका आयोजन पश्चिम बंगाल में 27 अक्टूबर से 4 नवंबर तक होना है।

बालक वर्ग में ग्वालियर के शुभ खत्री और पीयूष टंडन ने 7-7 अंक बनाकर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि टाईब्रेक के आधार पर शुभ खत्री को प्रथम स्थान मिला। ग्वालियर के जतिन मालखानी और कटनी के अथर्व पल्टा ने 6½-6½ अंक बनाकर क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया। इस प्रकार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित चार बालक खिलाड़ी शुभ खत्री, पीयूष टंडन, जतिन मालखानी और अथर्व पल्टा रहे।
बालक वर्ग के शीर्ष 10 खिलाड़ियों में 5वें स्थान पर विदिशा के आराध्य गुप्ता, 6वें पर धार के दर्शो अथर्वा, 7वें पर भोपाल के मेदांत जैन, 8वें पर भोपाल के अवीश विशाल शिंदे, 9वें पर इंदौर के प्रीत पाल और 10वें स्थान पर शहडोल के सारांश तिवारी रहे। इन सभी ने 6 अंक अर्जित किए। इसके अलावा भोपाल के अर्णव बी कुमार और आराध्य खांडवे ने भी 6 अंक बनाए और क्रमशः 11वें व 12वें स्थान पर रहे। भोपाल के रुद्रादित्य सिंह सिसोदिया ने 6 अंक बनाकर 13वां स्थान हासिल किया, जबकि ग्वालियर के रुद्राक्ष गर्ग 5½ अंक के साथ 14वें स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग में इंदौर की अविका पंवार ने 6 अंक बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। ग्वालियर की मान्या बंसल और भोपाल की पीहू जैन ने 5½-5½ अंक बनाकर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जबलपुर की अवनी शुक्ला 5½ अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं। इन चारों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश बालिका टीम में किया गया। बालिका वर्ग में होंशगाबाद की अदिति यादव और भोपाल की नव्या वर्मा ने 5-5 अंक बनाकर क्रमशः पांचवां और छठा स्थान हासिल किया।

इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि मध्य प्रदेश जूनियर टीम के चयन के लिए आयोजित यह स्पर्धा फ़ीडे रेटिंग प्रतियोगिता के रूप में खेली गई और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता जैसा क्लासिकल शतरंज का अनुभव देने के लिए 90 मिनट + प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड की वृद्धि का टाइम कंट्रोल रखा गया। प्रतियोगिता के शीर्ष बोर्ड के मुकाबलों का सीधा प्रसारण भी किया गया। यह पहली बार था जब राज्य जूनियर में एक लाख रुपए के पुरस्कार दिए गए और बही मुकाबलों का सीधा प्रसारण किया गया .
निभाई
इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के उभरते जूनियर खिलाड़ियों को मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिला और अब चयनित आठ खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।