स्पोर्ट्स डेस्क : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती। इस जीत के बाद पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का भावुक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
विराट कोहली ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट को बधाई दी। कोहली ने लिखा, 'चैंपियंस ⭐️⭐️⭐️ अहमदाबाद में टीम इंडिया की शानदार जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमारी विस्फोटक क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं था। कठिन परिस्थितियों में भी टीम ने जबरदस्त जज़्बा दिखाया और एक बार फिर विश्व चैंपियन बनी। सभी खिलाड़ियों और मैनेजमेंट को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई।' बता दें कि विराट कोहली ने भारत की 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
फाइनल में भारत का विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
गेंदबाजों ने भी दिखाया कमाल
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। कीवी टीम की ओर से टिम सिफर्ट ने 52 रन बनाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट हासिल किए।
भारत ने रचा इतिहास
इस जीत के साथ ही भारत टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा।
संक्षिप्त स्कोर
भारत: 255/5 (20 ओवर) संजू सैमसन 89, ईशान किशन 54, अभिषेक शर्मा 52, जेम्स नीशम 3/46
न्यूजीलैंड: 159 ऑलआउट (19 ओवर) टिम सिफर्ट 52, जसप्रीत बुमराह 4/15, अक्षर पटेल 3/23.