Sports

मुंबई : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान ने साफ कर दिया है कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मुकाबले का बहिष्कार करेगा। हालांकि पाकिस्तान ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा।

पाकिस्तान का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पहले ही उनके वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।

राजकुमार शर्मा ने फैसले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

इस पूरे मामले पर अब विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एएनआई से बातचीत में पाकिस्तान के फैसले को अजीब और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

राजकुमार शर्मा ने कहा, 'यह बहुत अनफॉर्चुनेट है और पाकिस्तान का फैसला बेहद अजीब है। अब तक उन्होंने कोई रिएक्शन नहीं दिया था। पहले उन्होंने बांग्लादेश के समर्थन में वोट किया कि बांग्लादेश भारत में न खेले और अब खुद ही बैकआउट करने की बात कर रहे हैं।'

पाकिस्तान को होगा बड़ा नुकसान: राजकुमार शर्मा

उन्होंने आगे कहा कि इस फैसले से पाकिस्तान को हर स्तर पर नुकसान उठाना पड़ेगा। 'इससे पाकिस्तान को, पाकिस्तान की आवाम को और खिलाड़ियों को बहुत नुकसान होगा। पाकिस्तान की जनता भारत के खिलाफ अपने खिलाड़ियों को खेलते देखना चाहती है। यह खिलाड़ियों और फैंस, दोनों के लिए बड़ा नुकसान है। मुझे लगता है कि पीसीबी को इस फैसले पर दोबारा सोचना चाहिए।'

ICC के एक्शन को लेकर चेतावनी

राजकुमार शर्मा ने आईसीसी के संभावित एक्शन पर भी बात की। 'क्रिकेट में भारत पाकिस्तान से काफी आगे है। यह पूरी तरह पॉलिटिकल फैसला है। अगर आईसीसी ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया, तो पीसीबी को भारी नुकसान हो सकता है। मुझे पूरा भरोसा है कि वे अपने फैसले पर फिर से विचार करेंगे।'

सलमान अली आगा ने क्या कहा?

पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने भी इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के बाद उन्होंने कहा कि 'यह फैसला न तो खिलाड़ियों का है और न ही कप्तान का। जो भी पीसीबी या सरकार तय करेगी, टीम वही करेगी।'