Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के 14 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उनका व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल पढ़ाई पर भारी पड़ा है। वैभव अब पूरी तरह IPL 2026 की तैयारी में जुट गए हैं और राजस्थान रॉयल्स के प्री-सीजन कैंप से जुड़ चुके हैं।

व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर बना वजह

बिहार के ताजपुर निवासी वैभव का 2025 सीजन काफी व्यस्त रहा। उन्होंने भारत अंडर-19 और इंडिया A टीम के साथ कई अंतरराष्ट्रीय दौरे किए, जिससे नियमित पढ़ाई का समय नहीं मिल पाया।

वह अपने गृह नगर के मॉडेस्टी स्कूल में नामांकित थे और 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले थे, लेकिन क्रिकेट प्रतिबद्धताओं के कारण यह संभव नहीं हो सका। उनके कोच मनीष ओझा ने पुष्टि की कि वैभव इस बार बोर्ड परीक्षा नहीं देंगे और IPL की तैयारी पर ध्यान देंगे।

प्रिंसिपल ने कहा था- नहीं मिलेगा विशेष छूट

समस्तीपुर स्थित परीक्षा केंद्र के प्रिंसिपल नील किशोर ने पहले साफ कहा था कि वैभव को कोई विशेष रियायत नहीं दी जाएगी।हालांकि, बाद में परिस्थितियां बदल गईं और युवा बल्लेबाज ने इस साल परीक्षा में शामिल न होने का निर्णय लिया।

अंडर-19 विश्व कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने ICC अंडर-19 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन, 15 चौके और रिकॉर्ड 15 छक्के, टूर्नामेंट में कुल 439 रन (7 मैच) औसत 62.71 और स्ट्राइक रेट करीब 170; उन्होंने फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार जीता।

अब IPL 2026 पर नजर

2025 में धमाकेदार IPL डेब्यू के बाद वैभव इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए अहम खिलाड़ी माने जा रहे हैं। उन्होंने नागपुर में टीम के प्री-सीजन कैंप से जुड़कर तैयारी शुरू कर दी है।