स्पोर्ट्स डेस्कः टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह अचानक टीम कैंप छोड़कर घर लौट गए हैं। वह जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले चेन्नई में चल रहे अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए।
क्यों लौटे रिंकू सिंह?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिंकू सिंह के पिता की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई है। उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। परिवार की इस आपात स्थिति को देखते हुए रिंकू सिंह ने टीम से अनुमति लेकर घर लौटने का फैसला किया, ताकि वह अपने परिवार के साथ रह सकें।

अभ्यास सत्र में नहीं पहुंचे
यह बात तब सामने आई जब भारतीय टीम चेन्नई में अभ्यास कर रही थी और रिंकू सिंह वहां नहीं पहुंचे। बाद में जानकारी मिली कि वह फैमिली इमरजेंसी की वजह से कैंप छोड़ चुके हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच पर असर
भारत का जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 में मुकाबला गुरुवार को होना है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए रिंकू सिंह का उस मैच में खेल पाना मुश्किल लग रहा है। टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ लगातार उनके संपर्क में हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं।

टीम इंडिया के लिए अहम मुकाबले
सुपर-8 चरण में भारतीय टीम को अपने अगले दोनों मुकाबले जीतना बेहद जरूरी है। अगर टीम ऐसा करने में नाकाम रहती है, तो सेमीफाइनल से पहले ही इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा है। फिलहाल, सभी की दुआएं रिंकू सिंह के पिता के जल्द स्वस्थ होने के लिए हैं। टीम और फैंस दोनों ही उम्मीद कर रहे हैं कि हालात जल्द सामान्य हों और रिंकू दोबारा टीम से जुड़ सकें।