Sports

जालन्धर : कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल-11 के प्लेऑफ से बाहर निकालने में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज ईशान किशन का महत्वपूर्ण रोल रहा। मुंबई के ओपनर्स ने जिस तरह शुरुआत की थी, उससे मुंबई 170 के आसपास रन बनाता दिख रहा था। ऐसे समय में ईशान किशन ने क्रीज पर आकर पासा ही पलट दिया। किशन ने 17 गेंद में तो फिफ्टी लगाई ही। साथ ही साथ कुल 21 गेंदों में 62 रन बनाकर मुंबई का स्कोर 200 से पार लगा दिया। बड़े टारगेट का कोलकाता के खिलाडिय़ों पर खूब असर हुआ। नतीजतन कोलकाता की पूरी पारी महज 108 रन पर ही लुढ़क गई।

मैच के बाद अपनी तूफानी पारी का खुलासा करते हुए ईशान किशन ने कहा कि टीम कप्तान रोहित शर्मा के टिप्स काम कर गए। इसी कारण वह खुलकर शॉट लगा पाए। जिसका नतीजा सबके सामने हैं। किशन ने कहा कि बैटिंग पर आने से पहले उन्होंने कप्तान से बात की थी। कप्तान ने कहा- आप अपना स्वभाविक खेल खेलो। अब पिच पर टिकने की जरूरत नहीं है। जितने रन बना सकते हो बनाओ। इसके बाद मैंने क्रीज पर आकर सिर्फ गेंद को जोर से हिट करने की ही कोशिश की। मैं खुश हूं जिस तरह की बल्लेबाजी कर पाया।

बता दें कि ईशान किशन ने 17 गेंद में 50 रन बनाकर आईपीएल-11 की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी भी लगाई। ईशान ने अपनी पारी के दौरान छह गगनचुंबी छक्के और पांच चौके भी लगाए। उन्होंने कुलदीप यादव की एक ओवर में चार छक्के लगाकर भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। बता दें कि आईपीएल-11 में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड अभी भी पंजाब किंग्स इलैवन के बल्लेबाज केएल राहुल के नाम पर है जिन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ महज 14 गेंद में 50 रन बना दिए थे।