Sports

दुबई : UAE के कप्तान मुहम्मद वसीम पर ICC आचार संहिता के उल्लंघन के कारण उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। वसीम को ICC की खिलाड़यिों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.7 से संबंधित ‘स्तर 1' के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद 'किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में हुई घटना, या किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायता कर्मी, मैच अधिकारी या किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में भाग लेने वाली टीम के बारे में सार्वजनिक रूप से आलोचना करने या अनुचित टिप्पणी करने' से संबंधित है, चाहे ऐसी आलोचना या अनुचित टिप्पणी कभी भी की गई हो। 

यह घटना मंगलवार को कीर्तिपुर में नेपाल के खिलाफ UAE के दूसरे टी20 मैच के बाद हुई, जब मैच के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान वसीम ने कहा कि अंपायरिंग पक्षपातपूर्ण थी। ICC के अनुसार मैदानी अंपायर बुद्धि प्रधान और विनय कुमार, तीसरे अंपायर दुर्गा सुबेदी और चौथे अंपायर संजय सिगडेल ने UAE के कप्तान पर यह आरोप लगाया था। खिलाड़ी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अमीरात ने आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के वेंडेल ला ब्रूय द्वारा प्रस्तावित दंड को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। 

अपनी मैच फीस के 15 प्रतिशत जुर्माने के अलावा वसीम के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है; पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। ‘स्तर 1' के उल्लंघनों के लिए न्यूनतम दंड के रूप में आधिकारिक फटकार, अधिकतम दंड के रूप में खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना, और एक या दो डिमेरिट पॉइंट दिए जाते हैं। पहला टी20 6 विकेट से जीतने के बाद UAE को दूसरे टी20 में हार का सामना करना पड़ा, क्योंकि मेजबान टीम ने आठ विकेट से जीत दर्ज करते हुए शानदार वापसी की।