Sports

हरारे : आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। यह मुकाबला बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही भारतीय टीम इस मुकाबले में प्रबल दावेदार मानी जा रही है और उसका लक्ष्य रिकॉर्ड छठी बार खिताब के करीब पहुंचना है।

कब, कहां और कैसे देखें मुकाबला

भारत बनाम अफगानिस्तान अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल बुधवार, 4 फरवरी को खेला जा रहा है। यह मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में दोपहर 1:00 बजे (IST) शुरू हुआ। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग Jio Hotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध है।

रिकॉर्ड और इतिहास भारत के पक्ष में

भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने अब तक 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में कुल पांच बार ट्रॉफी अपने नाम की है। बुधवार को टीम इंडिया की नजर छठे खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाने पर है। ऑस्ट्रेलिया चार खिताब के साथ दूसरे स्थान पर है।

टूर्नामेंट में भारत का दबदबा

भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने अपने सभी पांच मुकाबले जीते हैं, जिसमें सुपर सिक्स चरण में पाकिस्तान के खिलाफ 58 रन की दमदार जीत भी शामिल है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में भारत का संतुलन विपक्षी टीमों पर भारी पड़ा है।

प्लेइंग 11

भारत : एरॉन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अम्ब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन

अफगानिस्तान  : उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोज़ादा, उजैरुल्लाह नियाज़ई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अज़ीज़ुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अज़ीज़, खातिर स्तानिकज़ई, रोहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी ओमरज़ई, वहीदुल्लाह ज़द्रान