Sports

खेल डैस्क : कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2023) के दौरान जब ट्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम सेंट लूसिया किंग्स टीमें आमने सामने थीं तो दर्शकों की एक भीड़ में पोस्टर लिए खड़ी लड़की का सपना 'टॉम एंड जैरी' ने पूरा कर दिया। यह टॉम एंड जैरी निकोल्स पूरन (Nicholas pooran) और अकिल हुसैन (akeal hosein) थे, जिसे यह नाम उक्त लड़की ने ही दिया था। मैच द्वारा उक्त लड़की हाथ में पोस्टर लिए खड़ी थी जिसमें उसने निकोल्स और अकिल को 'टॉम एंड जैरी' की संज्ञा दी थी। जब निकोल्स और अकिल ने यह देखा तो वह मैच के बाद उक्त लड़की के पास पहुंचे और उसके साथ फोटो खिंचवाईं। 

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर की है जिसमें लड़की हाथ में पोस्टर पकड़े नजर आ रही है। पोस्टर पर लिखा है- मैं यहां सिर्फ निकोल्स पूरन और अकिल हुसैन ऊर्फ टॉम एंड जैरी की डायमेनिक जोड़ी देखने को आई हूं। उक्त वीडियो में दिखता है कैसे पवेलियन में निकोल्स और अकिल के पास उक्त पोस्टर आता है और वह उसपर अपना ऑटोग्राफ देते हैं। कुछ ही देर बाद यह दोनों स्टार दर्शक दीर्घा की ओर बढ़ जाते हैं। दर्शक दीर्घा में लड़की अपने फेवरेट स्टार्स को देखकर खुश हो जाती है। दोनों स्टार उसके साथ फोटोज भी खिंचवाते हैं। इस दौरान निकोल्स पूरन लड़की को हाथों से उठाते हुए भी दिखते हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही क्रिकेट फैंस ने इसे खूब पसंद किया। उक्त वीडियो के साथ ट्रिनबागो नाइट राइडर्स प्रबंधन ने हैडिंग दिया है- हे भगवान, क्या यह एक सपना है? निकोल्स पूरन और अकिल हुसैन उर्फ ​​टॉम एंड जैरी अपने युवा प्रशंसक से मिले और उन्हें जीवन भर के लिए यादें उपहार में दीं। देखें वीडियो-