वेटिकन सिटी : पोप लियो 14वें ने बुधवार को दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर से मुलाकात की। इटैलियन ओपन में विश्राम के दिन सिनर ने बुधवार को नए पोप से मुलाकात के दौरान उन्हें टेनिस रैकेट दिया और उनके साथ खेलने की पेशकश की। पहले अमेरिकी पोप लियो टेनिस खिलाड़ी और प्रशंसक हैं। उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में एक पत्रकार के सुझाव पर कहा था कि वह चैरिटी मैच खेलने के लिए तैयार हैं। लेकिन उस समय लियो ने मजाक में कहा था कि हम सिनर को आमंत्रित नहीं कर सकते।'' यह संभवत: सिनर के उपनाम के संदर्भ में था जिसका अंग्रेजी में अर्थ ‘पापी' होता है।
वेटिकन के सभागार में अपने माता-पिता के साथ पहुंचे सिनर ने इतालवी में कहा कि यह सम्मान की बात है। अपना एक रैकेट पकड़कर पोप लियो को दूसरा रैकेट और एक गेंद देते हुए सिनर ने उन्हें एक वॉली खेलने का सुझाव दिया लेकिन पोप ने आसपास की प्राचीन वस्तुओं को देखा और कहा कि बेहतर होगा कि ऐसा नहीं करें। शिकागो के 69 वर्षीय लियो ने इसके बाद अपनी सफेद पोशाक और विंबलडन के लिए इसकी उपयुक्तता के बारे में मजाक किया। ऑल इंग्लैंड क्लब के नियम के अनुसार आपको सफेद कपड़े पहनकर खेलना होता है।