लंदन: इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की अटकलों को एक बार फिर हवा मिल गई है। इंग्लैंड पुरुष टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने साफ कर दिया है कि स्टोक्स के लिए राष्ट्रीय टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्टोक्स के मामले में "कुछ भी संभव है" और अगर वह वापसी करते हैं तो यह क्रिकेट की सबसे शानदार कहानियों में से एक होगी।
35 वर्षीय स्टोक्स ने जून 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद टेस्ट कप्तानी छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उनका यह फैसला इंग्लैंड के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-1 से एशेज हार भी शामिल थी।
कर्फ्यू विवाद के बाद बढ़ा था तनाव
न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान स्टोक्स टीम के मिडनाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने के कारण भी चर्चा में रहे थे। पहले टेस्ट में जीत के बाद जश्न मनाने के दौरान उन्होंने टीम प्रोटोकॉल तोड़ा था, जिसके बाद उन्हें दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया। इस फैसले से स्टोक्स काफी नाराज बताए गए थे और टीम मैनेजमेंट के रवैये पर भी सवाल उठे थे।
रॉब की बोले- स्टोक्स के साथ कुछ भी संभव
Sky Sports से बातचीत में रॉब की ने कहा कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने स्टोक्स की वापसी की संभावना से इनकार नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'अगर बेन स्टोक्स वापसी करते हैं तो यह शानदार कहानी होगी। उन्होंने वापसी का कोई संकेत नहीं दिया है, लेकिन मुझे हैरानी नहीं होगी। बेन के मामले में कुछ भी संभव है।'
इंग्लैंड टीम में बड़े बदलाव
स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला। जो रूट को दोबारा टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई, जबकि ब्रेंडन मैकुलम की जगह अनुभवी कोच स्टीफन फ्लेमिंग को टेस्ट टीम का मुख्य कोच बनाया गया।
संन्यास के बाद घरेलू क्रिकेट में मचा रहे हैं धमाल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने के बाद स्टोक्स ने काउंटी क्रिकेट में वापसी की और डरहम के लिए खेल रहे हैं। संन्यास के बाद अपने पहले प्रतिस्पर्धी मुकाबले में उन्होंने डर्बीशायर के खिलाफ वन-डे कप में गंभीर ऐंठन के बावजूद शानदार शतक जड़कर टीम को यादगार जीत दिलाई। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।