स्पोर्ट्स डेस्क : IND vs ENG मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में हमेशा से हाई-वोल्टेज रहा है, खासकर जब बात सेमीफाइनल की हो। 2026 में दोनों टीमें एक बार फिर नॉकआउट स्टेज पर आमने-सामने हैं, तो फैंस के जेहन में पिछले सेमीफाइनल मुकाबलों की यादें ताजा हो गई हैं।
2022 की करारी हार और 2024 की दमदार वापसी, भारत और इंग्लैंड के बीच हुए इन रोमांचक मैचों ने क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर ड्रामा, दबाव और यादगार पल दिए हैं। आइए जानते हैं पिछली सेमीफाइनल भिड़ंतों में आखिर क्या-क्या हुआ था।
2022 सेमीफाइनल: इंग्लैंड की बड़ी जीत
भारत और इंग्लैंड आखिरी बार 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एडिलेड ओवल में आमने-सामने हुए थे। उस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। भारतीय बल्लेबाजी उस दिन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई और इंग्लैंड ने लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया। बाद में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब भी अपने नाम किया।
2024 में भारत ने लिया बदला
2024 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड से उस हार का हिसाब चुकता किया। प्रोविडेंस स्टेडियम, गुयाना में खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को सिर्फ 103 रन पर समेट दिया। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने दो अहम झटके दिए। भारत ने 68 रन से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल का पूरा शेड्यूल
पहला सेमीफाइनल: 4 मार्च, दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूज़ीलैंड, कोलकाता में
दूसरा सेमीफाइनल: 5 मार्च, भारत बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
फाइनल मुकाबला: 8 मार्च, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
वेस्टइंडीज पर जीत, भारत ने ऐसे बनाई जगह
1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। शुरुआती झटकों के बावजूद उन्होंने पारी को संभाला और टीम को यादगार जीत दिलाई।
अब क्या दोहराएगा इतिहास?
अब एक बार फिर IND vs ENG का सेमीफाइनल मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप में रोमांच की नई पटकथा लिखने को तैयार है। 2022 की निराशा और 2024 की यादगार जीत के बाद 2026 की यह भिड़ंत दोनों टीमों के लिए प्रतिष्ठा की जंग बन चुकी है। क्या भारत जीत की लय बरकरार रखते हुए फाइनल में कदम रखेगा या इंग्लैंड फिर से इतिहास दोहराएगा? फैंस की नजरें अब इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जहां हर गेंद मैच का रुख बदल सकती है।