Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टिम सिफर्ट (65) और ग्लेन फिलिप्स (42) की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। चेन्नई में खेले गए इस मैच में कीवी टीम ने 183 रन के लक्ष्य को 17.5 ओवर में हासिल कर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। मैच के बाद अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने कहा कि अगर हमने विकेट पर और अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी की होती तो रन बनाना मुश्किल होता।

राशिद ने कहा, 'हमने गेंदबाजी से बहुत कुछ सीखा। मुझे लगा कि 182 रन डिफेंड करने के लिए अच्छा स्कोर था, लेकिन हमने रन बनाने के लिए बहुत ज़्यादा गेंदें दीं। हमारे पास प्लान A, प्लान B के लिए पहले से ही मीटिंग हो चुकी हैं। यह सब एग्जीक्यूशन की बात है। हमने गेंद को सही जगह पर नहीं डाला। अगर हमने विकेट पर और अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी की होती तो रन बनाना मुश्किल होता। गुलबदीन आए और उन्होंने हमें रन बनाने का सही इरादा दिखाया। हमें कुछ एरिया में सुधार करने की जरूरत है। ओपनिंग में सुधार करना होगा, हम पहले 6 ओवर कैसे खेलते हैं, यह मायने रखता है।

न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान  

गौर हो कि अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जदरान ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े, लेकिन लॉकी फर्ग्युसन ने छठे ओवर में दोनों को आउट कर अफगानिस्तान को झटका दिया। इसके बाद गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह अटल ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़कर पारी को संभाला। गुलबदीन ने 35 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्युसन ने दो विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी, जेकब डफी और रचिन रविंद्र को एक-एक सफलता मिली। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मुजीब उर रहमान ने दूसरे ओवर में फिन ऐलन (1) और रचिन रविंद्र (0) को आउट कर टीम को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और टिम सिफर्ट ने पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए 74 रन की अहम साझेदारी की। 10वें ओवर में राशिद खान ने फिलिप्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। फिलिप्स ने 25 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 42 रन बनाए। 13वें ओवर में मोहम्मद नबी ने सिफर्ट को आउट किया। सिफर्ट ने 42 गेंदों में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 65 रन की शानदार पारी खेली। 

मार्क चैपमैन (28) के आउट होने के बाद डैरिल मिचेल (25*) और कप्तान मिचेल सैंटनर (17*) ने संयम के साथ खेलते हुए न्यूजीलैंड को 17.5 ओवर में जीत दिला दी। अफगानिस्तान की ओर से मुजीब उर रहमान ने दो विकेट लिए, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान और मोहम्मद नबी को एक-एक सफलता मिली।