स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम अमेरिका मुकाबला भारतीय फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं रहा। जिस मैच में टीम इंडिया से एकतरफा मैच की उम्मीद थी, वहीं अमेरिका के खिलाफ इस मुकाबले में भारत के कई बड़े नाम पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। टॉप और मिडिल ऑर्डर की नाकामी ने मैच का रुख बदल दिया और अमेरिका को मुकाबले में बढ़त लेने का मौका मिल गया। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाजों का एक के बाद एक सस्ते में आउट होना भारत के लिए चिंता का बड़ा कारण बन गया।
टॉप ऑर्डर ने किया निराश
भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। उनके जल्दी आउट होने से टीम पर दबाव आ गया। उनसे आक्रामक शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन अमेरिकी गेंदबाज अली खान ने उनकी कमजोरी का फायदा उठाते हुए उन्हें टिकने का मौका नहीं दिया। इसके बाद आए ईशान किशन ने कुछ आकर्षक शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 20 रन बनाकर वैन शाल्कविक की गेंद पर कैच आउट हो गए। पावलप्ले खत्म होते होते तिलक वर्मा भी 25 रन पर ढेर हो गए जिन्हें शाल्कविक ने आउट किया। पावरप्ले का सही इस्तेमाल न हो पाने से भारत शुरुआती बढ़त हासिल करने में नाकाम रहा।
मिडिल ऑर्डर भी ढहा
टॉप ऑर्डर के बाद मिडिल ऑर्डर से संभालने की उम्मीद थी, लेकिन यहां भी हालात नहीं बदले। शिवम दुबे इस मैच में खाता तक नहीं खोल सके और शून्य पर आउट हो गए। उनकी विकेट ने भारत को बड़ा झटका दिया, क्योंकि दुबे को बड़े हिटर के तौर पर देखा जाता है। इसके बाद रिंकू सिंह से फिनिशर की भूमिका निभाने की उम्मीद थी, लेकिन वह भी सिर्फ 6 रन बनाकर चलते बने। लगातार गिरती विकेटों ने भारतीय बल्लेबाजी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
हार्दिक पांड्या से भी नहीं मिली उम्मीद
टीम इंडिया के उपकप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी इस अहम मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने सिर्फ 5 रन बनाए और गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया। हार्दिक से न सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि नेतृत्व की भी उम्मीद होती है, लेकिन इस मैच में वह दोनों ही मोर्चों पर नाकाम रहे। उनके आउट होते ही भारत की पारी लगभग बिखरती नजर आई।
अमेरिकी गेंदबाजों की शानदार रणनीति
इस मुकाबले में अमेरिका के गेंदबाजों ने बेहतरीन अनुशासन दिखाया। उन्होंने सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने बड़े नामों पर लगातार दबाव बनाए रखा, जिसका नतीजा विकेटों के रूप में मिला। धीमी गेंदों और ऑफ-कटर का इस्तेमाल भारतीय बल्लेबाजों को पूरी तरह उलझाने में सफल रहा।
आगे के मैचों से पहले भारत के लिए चेतावनी
अमेरिका के खिलाफ यह प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए एक बड़ी चेतावनी है। टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अगर टॉप और मिडिल ऑर्डर इसी तरह विफल रहा, तो आगे की राह मुश्किल हो सकती है। टीम मैनेजमेंट को बल्लेबाजी संयोजन और खिलाड़ियों की भूमिका पर दोबारा विचार करना होगा। भारतीय फैंस को उम्मीद होगी कि अगले मुकाबलों में टीम इंडिया इस झटके से सीख लेकर दमदार वापसी करेगी।