स्पोर्ट्स डेस्क : T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बहिष्कार को लेकर चल रहे विवाद के बीच दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है। गावस्कर का मानना है कि पाकिस्तान बार-बार भारत से दोस्ताना पहल की उम्मीद करता है, लेकिन वही रवैया कभी भारत की ओर से वापस देखने को नहीं मिला।
IPL का उदाहरण देकर पाकिस्तान पर साधा निशाना
सुनील गावस्कर ने याद दिलाया कि साल 2008 में जब IPL की शुरुआत हुई थी, तब लगभग हर फ्रेंचाइजी में पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल थे। इसके अलावा पाकिस्तानी कमेंटेटर्स को भी भारत में काम करने का मौका दिया गया था। गावस्कर ने कहा, 'हमने पहले ही पहल की थी। 2008 में IPL में पाकिस्तानी खिलाड़ी थे, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से कभी वैसी कोशिश नहीं दिखी, यहां तक कि तब भी जब दोनों देशों के रिश्ते आज जैसे खराब नहीं थे।'
सिर्फ क्रिकेट नहीं, सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी जिक्र
गावस्कर ने क्रिकेट से आगे बढ़कर सांस्कृतिक रिश्तों की भी बात की। उन्होंने सवाल उठाया कि कितने भारतीय सिंगर्स या फिल्म स्टार्स को पाकिस्तानी फिल्मों में काम करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा पहला कदम बढ़ाता है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से ऐसा कम ही देखने को मिलता है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि भारत किसी तरह की ‘बुलींग’ नहीं कर रहा, बल्कि अपने रास्ते पर चल रहा है।
भारत-पाक मैच के बहिष्कार पर बयान
गावस्कर की यह प्रतिक्रिया उस वक्त आई है जब पाकिस्तान ने 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच में उतरने से इनकार कर दिया गया है।
PCB को ICC की चेतावनी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के समर्थन में यह कदम उठाया, जिन्हें मैचों का वेन्यू बदलने की अनुमति नहीं मिलने के बाद टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। ICC ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए PCB को चेताया है कि इस तरह का बहिष्कार पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य पर गंभीर असर डाल सकता है और यह वैश्विक क्रिकेट के हित में नहीं है।
T20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा भारी
अगर T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो भारत पूरी तरह हावी रहा है। अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में भारत ने 7 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत 2021 के संस्करण में मिली थी।