जयपुर : कप्तान नीतिश राणा और यश धुल ने शानदार लय जारी रखी जिससे दिल्ली गुरूवार को यहां सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में गोवा पर छह विकेट की जीत से ‘नॉकआउट’ चरण में पहुंचने से एक कदम दूर है। भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट झटके जिससे दिल्ली ने गोवा की टीम को 20 ओवर में छह विकेट पर 131 रन पर समेट दिया।
टूर्नामेंट में सीनियर स्तर पर टी20 में पदार्पण करने वाले धुल ने 41 गेंद में 46 रन बनाए जबकि राणा 38 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहे जिससे दिल्ली ने आसानी से जीत दर्ज की। यह छह मैचों में दिल्ली की पांचवीं जीत है और अब उसे ग्रुप बी में अपना अंतिम मैच शनिवार को त्रिपुरा के खिलाफ खेलना है।
पिछले सत्र में सभी प्रारूपों में टीम नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना सकी थी जिससे नए कप्तान राणा और नए मुख्य कोच अभय शर्मा के मार्गदर्शन में यह दिल्ली के लिए अच्छी शुरूआत रही है। अगर टीम ग्रुप में शीर्ष पर रहती है तो वह सीधे क्वार्टरफाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन दूसरे स्थान पर रहने से उसे प्री-क्वार्टरफाइनल मैच भी खेलना होगा।