स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून को धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले वनडे मुकाबले में सभी की नजरें श्रेयस अय्यर पर होंगी। भारतीय बल्लेबाज अपने करियर के एक बड़े मील के पत्थर से महज 23 रन दूर हैं। अय्यर के नाम फिलहाल 70 पारियों में 2977 रन दर्ज हैं और अगर वह पहले वनडे में 23 रन बना लेते हैं तो वनडे क्रिकेट में 3000 रन पूरे कर लेंगे।
सबसे तेज भारतीय बनने का मौका
श्रेयस अय्यर के पास 3000 वनडे रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बनने का सुनहरा मौका है। यह रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 72 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अगर अय्यर अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में 23 रन बना लेते हैं तो वह सिर्फ 71 पारियों में 3000 रन पूरे कर लेंगे और धवन को पीछे छोड़ देंगे। वहीं यदि उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए दो पारियां भी लगती हैं तो वह धवन के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
दुनिया में किसके नाम है रिकॉर्ड?
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम है। अमला ने सिर्फ 57 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। उनके बाद वेस्टइंडीज के शाई होप का नाम आता है, जिन्होंने 67 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शिखर धवन पहले स्थान पर हैं। उनके बाद विराट कोहली ने 75 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था, जबकि केएल राहुल ने 78 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
वनडे क्रिकेट में अय्यर का शानदार सफर
श्रेयस अय्यर ने 2017 में वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था, लेकिन शुरुआती वर्षों में उन्हें टीम में लगातार मौके नहीं मिले। यहां तक कि वह 2019 वनडे विश्व कप टीम का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे। हालांकि इसके बाद अय्यर ने शानदार वापसी की और खुद को भारत के भरोसेमंद नंबर-4 बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया। 2023 वनडे विश्व कप में उन्होंने 530 रन बनाकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी।
चैंपियंस ट्रॉफी में भी दिखाया दम
विश्व कप के बाद भी अय्यर का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा 243 रन बनाए। लगातार अच्छे प्रदर्शन का ही परिणाम रहा कि उन्हें 2025 के ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया। वर्तमान में वह कप्तान शुभमन गिल के डिप्टी के रूप में भारतीय टीम की अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
तीन शहरों में खेली जाएगी सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 17 जून को लखनऊ में दूसरे वनडे में आमने-सामने होंगी। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।ऐसे में पहले ही मैच में श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने और टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाने का बेहतरीन मौका होगा।