लाहौर : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शान मसूद को टेस्ट कप्तान के तौर पर बनाए रखने का फैसला किया है जबकि पूर्व कप्तान सरफराज अहमद हेड कोच का पद दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बांग्लादेश के साथ सीरीज के शेड्यूल की घोषणा के बाद आधिकारिक तौर पर कप्तान और हेड कोच के नामों का ऐलान करेगा।
सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा गया कि सरफराज अहमद पहली बार हेड कोच का पद संभालेंगे और अजहर महमूद की जगह लेंगे। वह इस समय नेशनल सिलेक्टर भी हैं, जबकि शान मसूद पहले से ही कप्तानी की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। पाकिस्तानी टीम के बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट सीरीज खेलने की संभावना है।
पाकिस्तान ने अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी, जो 1-1 से ड्रॉ रही थी। टीम में एकरूपता बनाए रखने की नीति के तहत शान मसूद को कप्तान के तौर पर बरकरार रखा जाएगा। फिलहाल व्हाइट-बॉल क्रिकेट के हेड कोच न्यूजीलैंड के माइक हेसन हैं, जबकि वनडे टीम के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और T20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा हैं।