स्पोर्ट्स डेस्क : जहां एक तरफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का बोलबाता है। वहीं दूसरी तरफ क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा वनडे मैच देखने को मिला जहां जिम्बाब्वे में स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब ने यह कमाल किया। उन्होंने 50 ओवरों में 822 रन ठोक डाले और मीथेन लायंस को सिर्फ 28 रन पर ढेर कर 794 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब और मीथेन लायंस के बीच यह मैच 2025-26 मसविंगो 50 ओवर फर्स्ट लीग में खेला गया था। अगर यह कोई आधिकारिक 'लिस्ट ए' मैच होता, तो यह एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड बन जाता; लेकिन लायंस के गेंदबाजों की किस्मत अच्छी थी कि ऐसा नहीं था। टॉस जीतने के बाद स्कॉर्पियंस के कप्तान प्रेज मकाज़ा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनके ओपनर्स, विल्फ्रेड माटेंडे और ताकुंडा माडेम्बो, पूरी तरह से बेकाबू हो गए और चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी।
जब 21.3 ओवरों के बाद पहला विकेट गिरा, तब तक माटेंडे अपनी डबल सेंचुरी पूरी कर चुके थे। वह सिर्फ 75 गेंदों में 203 रन बनाकर आउट हुए जिसमें 23 चौके और 13 छक्के शामिल थे। इससे पहले कि लायंस के गेंदबाज राहत की सांस ले पाते, नए बल्लेबाज ने भी रनों की बरसात जारी रखी। विंसेंट मोयो ने सिर्फ 39 गेंदों में 78 रन बनाए जिसमें आठ चौके और छह छक्के शामिल थे।
इस बीच ओपनर माडेम्बो ने अपना खेल जारी रखा और एक ट्रिपल सेंचुरी ठोक दी। जहां ज़्यादातर 50 ओवर के मैचों में 300 रनों को एक सुरक्षित स्कोर माना जाता है, वहीं इस मैच में अकेले माडेम्बो ने ही उस आंकड़े को पार कर दिया। रिटायर होने से पहले माडेम्बो ने 143 गेंदों में 302 रन बनाए, जिसमें 50 चौके और सात छक्के शामिल थे। कप्तान मकाजा इस रनों की दावत में ज़्यादा हिस्सा नहीं ले पाए और सिर्फ 5 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए। गैब्रियल जया ने सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 110 रन ठोक डाले। बॉब मुदज़िंगवा 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।
इतना ही नहीं लायंस ने 109 'एक्स्ट्रा' रन तोहफे में दिए जिसमें 79 'वाइड' और 23 'नो-बॉल' शामिल थीं। हर गेंदबाज ने अपने स्पेल में 100 से ज़्यादा रन दिए और सबसे किफायती गेंदबाज़ सिडनी शुम्बा ने भी 13.3 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए।
पहली पारी में बल्लेबाजों की मददगार पिच ने अपन रूप कुछ इस कदर बदला कि बल्लेबाजों के लिए महरबना चित अचानक गेंदबाजों के लिए जन्नत बन गई। मीथेन लायंस ने सिर्फ 28/7 रन ही बना पाए और 794 रनों के भारी अंतर से हार गए। List A क्रिकेट में सबसे ज़्यादा टीम स्कोर का रिकॉर्ड बिहार के नाम है, जिसने पिछली विजय हजारे ट्रॉफी में रांची में अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों के खिलाफ 574 रन बनाए थे। उस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 84 गेंदों में 190 रन बनाए थे।