Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत में विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। सैमसन ने पांच मैचों में 321 रन बनाए। उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट 199.38 रहा, जो उनके शानदार फॉर्म को दर्शाता है।

सचिन तेंदुलकर से मिली खास मदद

संजू सैमसन ने खुलासा किया कि इस टूर्नामेंट में उनकी सफलता के पीछे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बड़ी भूमिका रही। सैमसन ने बताया कि पिछले दो महीनों से वह लगातार सचिन तेंदुलकर से संपर्क में थे और उनसे कई महत्वपूर्ण बातचीत हुई।

सैमसन ने कहा, 'पिछले कुछ महीनों से मैं सचिन सर के लगातार संपर्क में था। मैंने उनसे बात की और कई लंबी चर्चाएं कीं। उनके जैसे महान खिलाड़ी से मार्गदर्शन मिलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ी बात है। मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे सपोर्ट किया।'

सेमीफाइनल और फाइनल में खेली मैच जिताऊ पारियां

सैमसन ने टूर्नामेंट के अहम मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में मैच जिताऊ पारियां खेलीं। फाइनल में सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मुश्किल दौर से गुजरने के बाद मिली सफलता

29 वर्षीय सैमसन ने यह भी बताया कि टूर्नामेंट से पहले उनके करियर में काफी मुश्किल समय आया था।

उन्होंने कहा, 'यह सब किसी सपने जैसा लगता है। मैं बहुत खुश और भावुक हूं। सच कहूं तो यह सफर एक-दो साल पहले शुरू हुआ था। 2024 वर्ल्ड कप टीम में होने के बावजूद मुझे खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन मैंने लगातार मेहनत की और वही करने की कल्पना करता रहा जो आज हुआ।' उन्होंने आगे कहा कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद वह काफी निराश थे और उनके सपने टूटते हुए लग रहे थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और मेहनत जारी रखी।

आगे के लक्ष्य पर क्या बोले सैमसन

भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछे जाने पर सैमसन ने कहा कि फिलहाल वह इस उपलब्धि का आनंद लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। अभी मैं इस पल का आनंद लेना चाहता हूं। कुछ दिनों बाद सोचूंगा कि आगे क्या करना है।'