Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : झारखंड के सिमडेगा की रहने वाली सलीमा टेटे को भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम का कप्तान बनाया गया है। 8 से 13 फरवरी तक लखनऊ और गोरखपुर में फ्रांस के साथ होने वाली घरेलु सीरीज में सलीमा टीम का नेतृत्व करेगी। सलीमा के भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम का कप्तान बनने की खुशी व्यक्त करते हुए कोच प्रतिमा बारवा ने कहा 'गरीबी से जूझकर सलीमा ने झारखंड और सिमडेगा का नाम रौशन किया है।' उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में सलीमा से प्रेरणा लेकर बहुत से बच्चे हॉकी के लिए प्रेरित होंगे।'

सिमडेगा के उपायुक्त जटाशंकर चौधरी ने सलीमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिमडेगा अब किसी मामले में पीछे नहीं है। देश के लोग अब सिमडेगा को जान रहे हैं और सलीमा का कप्तान बनना जिले के लिए गौरव की बात है। दूसरी तरफ झारखंड हॉकी संघ के उपाध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि सिमडेगा में हॉकी के कई होनहार खिलाड़ी हैं और उन्हें सलीमा से सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है।