Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय विश्व विजेता टीम के कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता की कोरोना रिपोर्ट बुधवार को पाॅजिटिव आई थी। पूर्व क्रिकेट कप्तान के पिता पान सिंह धोनी और माता देवकी देवी के वैश्विक महामारी की चपेट में आने के बाद उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब धोनी की पत्नी साक्षी ने सास-ससुर की सेहत को लेकर जानकारी दी है। 

साक्षी ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, दुआओं के लिए सभी को धन्यवाद। मेरे सास-ससुर की सेहत अब ठीक है और उनका अच्छे से ख्याल रखा जा रहा है। आपकी दुआओं से रिकवरी तेजी से हो रही है। 

PunjabKesari

धोनी के माता-पिता को कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी देते हुए अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया था कि चिकित्सकों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। इसी के साथ ही अधिकारी ने ये भी कहा था कि आईपीएल में खेल रहे धोनी लगातार चिकित्सों एवं अस्पताल प्रबंधन के संपर्क में हैं। 

गौर हो कि धोनी इस समय मुंबई में हैं जहां बुधवार देर रात उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इसी के साथ ही धोनी की टीम प्वाइंट टेबल में भी पहले स्थान पर पहुंच गई है।