Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : रवांडा की 15 साल की युवा खिलाड़ी Fanny Uwagushimaninde ने अपने T20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में ही शतक लगाकर इतिहास रच दिया। इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करना हर खिलाड़ी का सपना होता है, लेकिन फैनी ने अपने पहले ही मैच को यादगार बनाते हुए ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो इससे पहले कोई भी खिलाड़ी नहीं कर पाई थी।

डेब्यू मैच में ठोके 111 रन

फैनी उटागुशिमानिंदे को नाइजीरिया इनविटेशनल महिला T20I टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुना लिया। उन्होंने 65 गेंदों पर 17 चौकों की मदद से 111 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

सबसे कम उम्र में T20I शतक लगाने वाली खिलाड़ी बनीं

इस शतक के साथ फैनी उटागुशिमानिंदे महिला और पुरुष दोनों T20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र (15 साल 223 दिन) में शतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड फ्रांस के खिलाड़ी Gustav McKeon के नाम था, जिन्होंने 18 साल 280 दिन की उम्र में T20I शतक लगाया था।

डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड

फैनी ने सिर्फ सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड ही नहीं बनाया, बल्कि महिला T20 इंटरनेशनल में डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की पूर्व खिलाड़ी Karen Rolton के नाम था, जिन्होंने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ 96* रन बनाए थे।

डेब्यू T20I में शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी

फैनी उटागुशिमानिंदे महिला T20 इंटरनेशनल इतिहास की पहली खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़ दिया। 15 साल की उम्र में बनाया गया यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।