Sports

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी एक बार फिर दो चरण में खेला जाएगी जिसमें पहले चरण की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी जबकि 2026-27 घरेलू सत्र 23 अगस्त को दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को यह घोषणा की। 

आगामी सत्र के दौरान BCCI आयु वर्ग और सीनियर क्रिकेट में कुल 1788 मुकाबलों का आयोजन करेगा जिसमें पुरुषों के लिए अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर जबकि महिलाओं के लिए अंडर-15, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर के मुकाबले शामिल हैं। अंडर-23 वर्ग का सीमित ओवरों का टूर्नामेंट और विजी ट्रॉफी के लिए अंतर क्षेत्रीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी। 

BCCI ने एक विज्ञप्ति में कहा, '2026-27 का घरेलू सत्र BCCI की एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचा बनाने की प्रतिबद्धता को दिखाता है। साथ ही यह सभी प्रारूप और वर्ग में संतुलित प्रगति भी सुनिश्चित करता है।' क्षेत्रीय प्रारूप में वापसी करने वाली दलीप ट्रॉफी 23 अगस्त से 10 सितंबर के बीच खेली जाएगी। यह पूरा टूर्नामेंट बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा। 

रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर और शेष भारत के बीच ईरानी कप मुकाबला एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर में खेला जाएगा। BCCI के घरेलू कैलेंडर की सबसे बड़ी प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच होगा जिसमें चार दौर खेले जाएंगे। दूसरा चरण 17 जनवरी से तीन मार्च 2027 के बीच होगा जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (राष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंट) और विजय हजारे ट्रॉफी (50 ओवर का राष्ट्रीय टूर्नामेंट) के खत्म होने के बाद खेला जाएगा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर से छह दिसंबर के बीच खेली जाएगी। 

लीग चरण के मुकाबले मुंबई, मोहाली, विजाग और कोलकाता में होंगे जबकि नॉकआउट चरण नागपुर में होगा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से IPL की विभिन्न फ्रेंचाइजी को नीलामी से पहले अपनी सूची तैयार करने का मौका मिलेगा। नीलामी दिसंबर में होगी। विजय हजारे ट्रॉफी 14 दिसंबर 2026 से आठ जनवरी 2027 तक होगी। BCCI की कार्यक्रम तैयार करने वाली टीम ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी (अंडर-16) नवंबर से जनवरी के बीच कराने का फैसला किया है जिससे स्कूली क्रिकेटरों को अपनी सालाना या बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने में भी आसानी होगी जो आम तौर पर फरवरी और मार्च में होती हैं।